‘लेडी सहवाग’ का वर्ल्ड रिकॉर्ड, PAK के खिलाफ पहली गेंद पर सिक्स जड़ रचा इतिहास
Last Updated:September 06, 2026, 12:28 IST
shafali verma world record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धाकड़ ओपनर बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में एक बड़ा कारनामा कर दिया. भारतीय पारी की पहली गेंद पर शेफाली ने छक्का लगाया और इतिहास रच दिया. शेफाली महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार पारी की पहली गेंद पर सिक्स लगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं.
शेफाली वर्मा ने पहली गेंद पर छक्का लगाकर रचा इतिहास.
नई दिल्ली. महिला टी20 एशिया कप के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंद दिया. पहले भारतीय गेंदबाजों ने चिर प्रतिद्वंदी को 55 रन पर ढेर कर दिया. इसके बाद मामूली से लक्ष्य का पीछा भारत ने नौवें ओवर में ही तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. भारतीय ओपनर बल्लेबाज शेफाली ‘लेडी सहवाग’ नाम से मशहूर शेफाली वर्मा भले ही सस्ते में आउट हो गईं, लेकिन उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. शेफाली ने भारतीय पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर ये कारनामा किया.
शेफाली का वर्ल्ड रिकॉर्ड
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 56 रन का पीछा करते हुए भारत के लिए पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने की. शेफाली ने पहली गेंद का सामना करते हुए सादिया इकबाल को लॉन्ग ऑफ से ऊपर से छक्का लगा दिया. इसके साथ ही शेफाली महिला टी20 इंटरनेशनल में पारी की पहली गेंद पर सिक्स लगाने का कारनामा दो बार करने वाली पहली बल्लेबाज बन गई हैं. दिलचस्प यह है कि इससे पहले भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ ही और सादिया इकबाल की गेंद पर ही ये कारनामा किया था.
शेफाली वर्मा के अलावा आयरलैंड की एमी हंटर और पापुआ न्यू गिनिया की होलान डोरिगा ही ऐसी बल्लेबाज हैं, जिन्होंने महिला टी20 इंटरनेशनल में पारी की पहली गेंद पर सिक्स लगाने का कमाल दिखाया. दोनों बल्लेबाजों ने एक-एक बार ऐसा किया है. एमी हंटर ऐसा करने वाली पहली महिला बल्लेबाज हैं. उन्होंने 2025 में इस उपलब्धि को नाम किया.
सबसे युवा 3000 T20I रन बनाने वाली बैटर बनीं
शेफाली ने मैच में 6 गेंदों में 12 रन बनाए. इससे उन्होंने महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 3000 रन का आंकड़ा छू लिया. शेफाली महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे युवा 3000 रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं. उन्होंने 22 साल और 220 दिन की उम्र में ये उपलब्धि हासिल की. शेफाली ने आयरलैंड की गैबी लेविस का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 24 साल और 347 दिन की उम्र में ऐसा किया था. इस लिस्ट में भारत की स्मृति मंधाना चौथे स्थान पर हैं. मंधाना ने 27 साल और 171 दिन की उम्र में 3000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे किए थे.
About the Author
परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 06, 2026, 12:28 IST











