Last Updated:September 06, 2026, 13:06 IST
एएचएफ जूनियर एशिया कप में भारतीय महिला टीम ने धूम मचा दी. एलीट पूल मुकाबले में टीम इंडिया ने मलेशिया को 11-1 से हराकर पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर अपना कब्जा कर लिया है. भारतीय टीम मलेशिया के खिलाफ पहले हाफ में दमदार प्रदर्शन कर करते हुए 7 गोल दागे थे. वहीं, रक्षापंक्ति में भी भारतीय टीम ने कमाल का खेल दिखाते हुए सिर्फ एक गोल खाया.
हॉकी इंडिया
मोकी: भारतीय महिला टीम ने एएचएफ जूनियर एशिया कप के एलीट पूल मुकाबले में मलेशिया को 11-1 से हराया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम पॉइंट्स टेबल शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली. टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर जीत के साथ अभियान शुरू करने वाली भारतीय टीम की ओर से मलेशिया के खिलाफ सात अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए.
भारत ने चार गोल मैदानी खेल से, पांच पेनल्टी कॉर्नर और दो पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए किए. पूजा साहू ने पहले ही मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर भारत का खाता खोला. चौथे मिनट में पूर्णिमा यादव ने गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी. गत चैंपियन भारत ने अपना दबदबा कायम रखते हुए आठवें मिनट में बिनिमा धन ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि 14वें मिनट में कृष्णा शर्मा ने एक और गोल कर दिया.
हाफ टाइम में भारतीय टीम के पास थी 7-0 की बढ़त
पूर्णिमा ने दूसरे क्वार्टर में 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपना दूसरा गोल किया. इसके बाद हाफटाइम से पहले दो और गोल हुए. सुखवीर कौर ने 21वें मिनट और गीता यादव ने 28वें मिनट में गोल किया, जिससे भारत मध्यांतर तक 7-0 से आगे था.
मलेशिया ने 38वें मिनट में नूर मोहम्मद के गोल से खाता खोला, लेकिन इसके बावजूद मुकाबले पर भारत का दबदबा बरकरार रहा. मैच के 42वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बाद पूजा ने अपना दूसरा गोल पूरा किया. इसके एक मिनट बाद सानिका चंद्रकांत माने ने गोल कर भारत की बढ़त 9-1 कर दी.
58वें मिनट में भारत ने किया था 11वां गोल
गीता ने 53वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि सानिका ने 58वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर भारत को 11-1 की विशाल जीत दिला दी. इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों में दो जीत दर्ज कर छह अंक हासिल किए और एलीट पूल की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया.
चीन और जापान तीन-तीन अंकों के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं. दोनों ने एक-एक मैच खेलकर जीत दर्ज की है और गोल अंतर के आधार पर चीन आगे है. दक्षिण कोरिया और मलेशिया दो-दो हार के बाद क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर हैं. भारत अब पूल चरण के अपने तीसरे मुकाबले में आठ सितंबर को जापान का सामना करेगा.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
September 06, 2026, 13:06 IST











