Last Updated:July 17, 2026, 13:15 IST
एक्ट्रेस रसिका दुग्गल ने खुलासा किया कि कैसे सिर्फ एक टेक्स्ट मैसेज ने उन्हें ‘मिर्जापुर’ सीरीज में बीना त्रिपाठी का रोल दिलाया था. इस किरदार में उन्हें बहुत फेमस किया है. दिलचस्प बात है कि सीरीज के अब तक तीन सीजन आ चुके हैं और वह हर सीजन में नजर आई हैं. उन्होंने सालों मिर्जापुर में बीना त्रिपाठी का रोल पाने का दिलचस्प किस्सा शेयर किया. साथ ही यह भी बताया कि वह शुरुआत में इतनी डरी हुई थीं कि उन्हें बार-बार लगता था कि कहीं मेकर्स उन्हें कास्ट करने का इरादा न बदल लें.
नई दिल्ली. एक्ट्रेस रसिका दुग्गल को ‘मिर्जापुर’ सीरीज ने घर-घर पहचान दिलाई है. उन्होंने बीना त्रिपाठी का रोल निभाया, जिसे ऑडियंस ने खूब पसंद किया. अब रसिका ने बताया कि एक वक्त ऐसा भी था, जब उन्हें अपने करियर का भविष्य समझ नहीं आ रहा था. उस मुश्किल वक्त में ‘मंटो’ और ‘किस्सा’ जैसी फिल्मों में उन्हें उनके करियर के सबसे मुश्किल दौर से बाहर निकाला था.
इंडिया टुडे के साथ इंटरव्यू में रसिका दुग्गल ने खुलकर बात की कि कैसे कुछ किरदारों ने उनकी जिंदगी बदल दी. यह भी बताया कि आज भी वह ऑडिशन देने से पीछे क्यों नहीं हटती हैं. इसके साथ ही उन्होंने यह दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया कि कैसे सिर्फ एक टेक्स्ट मैसेज ने उन्हें ‘मिर्जापुर’ में बीना त्रिपाठी का यादगार रोल दिलाया.
रसिका का कहना है कि भले ही ‘मिर्जापुर’ ने उन्हें सबसे ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाया, लेकिन ‘मंटो’ उनके पास तब आई थी जब उन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी.’ एक्ट्रेस ने बताया, ‘अगर ऐसे प्रोजेक्ट की बात करें जिसने मुझे एक अलग पहचान दी और जो दुनिया भर में बहुत बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंची, तो वो यकीनन ‘मिर्जापुर’ ही थी. लेकिन मुझे लगता है कि जिसने मुझे उस बुरे दौर से बाहर निकाला, वह ‘मंटो’ थी. ‘किस्सा’ और ‘मंटो’ के बीच एक लंबा गैप आ गया था और मेरे पास कुछ खास काम नहीं आ रहा था.’
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने आगे कहा, ‘उस वक्त मुझे बहुत रिजेक्शन झेलने पड़े, जो काफी मुश्किल था. वह ऐसा दौर था जब मैं अक्सर सोचती थी कि अब यहां से आगे क्या? अब मैं कहां जाऊं? किसका दरवाजा खटखटाऊं और किससे काम मांगू?’ रसिका ने आगे याद किया कि कैसे ‘मिर्जापुर’ में उनका रोल लगभग उनके हाथ से निकल ही गया था. मजेदार बात यह है कि वह शो के क्रिएटर करण अंशुमन को जानती थीं, लेकिन फिर भी वह उनके पास काम मांगने जाने में झिझक रही थीं.
रसिका ने बताया कि वह करण अंशुमन को पहले से जानती थीं, जो इसके क्रिएटर थे और सीजन 1 के डायरेक्टर्स में से एक थे. उन्होंने कहा, ‘मैं करण को सोशयली जानती थी. जब किसी ने मुझे बताया कि वह शो बना रहे हैं, तो मैंने कहा कि अगर करण मुझे कास्ट करना चाहते, तो वह खुद मुझे फोन कर लेते. इस पर मेरे दोस्त ने सलाह दी कि तुम बस एक मैसेज ड्रॉप करके उन्हें याद क्यों नहीं दिला देतीं?. मैंने कहा कि मैं उनके लिए कोई अजीब स्थिति नहीं पैदा करना चाहती. जब दोस्त मैसेज करके कहते हैं ना कि मुझे रोल दे दो, तो सामने वाला ऐसी सिचुएशन में फंस जाता है. खैर, फिर मैंने सोचा चलो ठीक है, एक मैसेज कर ही देती हूं.’
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘मैसेज भेजने के करीब एक मिनट के भीतर ही उनका जवाब आ गया बिल्कुल, चलो इस बारे में मिलते हैं. जब मैं उनसे मिली, तो उन्होंने कहा कि मैंने तुमसे इसलिए नहीं पूछा क्योंकि तुम ‘मंटो’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अपोजिट काम कर रही थी. मुझे लगा शायद तुम कोई स्ट्रीमिंग शो नहीं करना चाहती होगी और सिर्फ फिल्मों पर ही ध्यान दे रही होगी.’
रसिका कहती हैं, ‘मैंने कहा कि दिमाग खराब है क्या तुम्हारा? बिल्कुल करूंगी. जब मैंने वो किरदार पढ़ा, तो मेरे मुंह से निकला- वाह, थैंक यू. लेकिन मैं थोड़ी डर भी गई थी. वह रोल मेरी पर्सनैलिटी से इतना अलग था कि मुझे डर लगने लगा कि ये लोग कहीं बीच में अपना इरादा न बदल दें. कभी-कभी जब मैं स्क्रिप्ट रीडिंग के लिए ऑफिस जाती थी, तो दिल में डर रहता था कि कहीं इन्हें ये न लगने लगे कि मैं यह रोल नहीं कर पाऊंगी.’ खैर, उन्होंने बीना त्रिपाठी का रोल निभाया और लोगों का खूब प्यार मिला.
वर्कफ्रंट की बात करें तो रसिका दुग्गल जल्द ही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में नजर आने वाली हैं. यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है. पंकज त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, दिव्येंदु शर्मा और अन्य कई सितारे अहम किरदारों में नजर आएंगे.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Source











