Moong Daal Karayal Sabji Recipe: अगर आप भी घर पर तीखी और स्वादिष्ट सब्जी खाना चाहते हैं, तो पूर्वांचल की करायल की सब्जी (जिसे कहीं-कहीं करी भी कहा जाता है) जरूर ट्राई कर सकते हैं. मूंग दाल से बनने वाली इस डिश का तीखापन और स्वाद ऐसा होता है कि खाने के बाद भी इसका जायका याद रहता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी सब्जी की नहीं, बल्कि मूंग की दाल की जरूरत होती है. मूंग की दाल से तैयार होने वाली इस खास सब्जी को लोग खूब पसंद करते हैं और खाने के बाद दोबारा मांगते हैं. आप भी इस आसान रेसिपी की मदद से घर पर गरमा-गरम करायल की सब्जी बना सकते हैं.
अगर आप तीन लोगों के लिए करायल की सब्जी बना रहे हैं तो इसके लिए करीब 250 ग्राम मूंग की दाल लें. इसके अलावा स्वादानुसार हरी मिर्च, अदरक के 2 से 3 टुकड़े, सरसों का तेल, हींग, जीरा, हल्दी, गरम मसाला, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया लें. ग्रेवी तैयार करने के लिए जरूरत के अनुसार पानी भी रखें.
सबसे पहले मूंग की दाल तैयार करें
मूंग की दाल को बनाने से करीब दो घंटे पहले पानी में भिगो दें, ताकि वह अच्छी तरह पानी सोखकर नरम हो जाए. इसके बाद दाल को पानी से निकाल लें और अच्छी तरह पीस लें. अब इसे मिक्सर में डालें. इसमें स्वादानुसार मिर्च और अदरक के 2 से 3 टुकड़े डालकर अच्छी तरह पीस लें, ताकि सभी चीजें दाल के साथ मिलकर एक पेस्ट बन जाएं.
दाल के पेस्ट से बनाएं बड़े
मिक्सर से पेस्ट निकालकर उसे हाथ से भी अच्छी तरह मिला लें. अब कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें और तैयार पेस्ट से बड़े बनाकर तेल में डाल दें. बड़े तैयार होने के बाद उनमें से करीब 6 से 8 बड़े निकालकर पानी में भिगो दें और थोड़ी देर के लिए छोड़ दें. इसके बाद इन्हें पानी से निकालकर अच्छी तरह मसल लें. अब इन्हें उसी पानी में मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें. इस पेस्ट का इस्तेमाल आगे ग्रेवी बनाने में किया जाएगा.
ग्रेवी में डालें बड़े का पेस्ट
अब एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें हींग व जीरे का तड़का लगाएं. इसके बाद बड़ी कटी हुई मिर्च डाल दें. फिर हल्दी, गरम मसाला, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर मसालों को अच्छी तरह पकाएं. जब ग्रेवी पक जाए, तो इसमें बड़े से तैयार किया हुआ पेस्ट डाल दें. इसे तब तक पकने दें, जब तक इसमें उबाल न आ जाए. उबाल आने के बाद जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाएं और फिर से पकने दें. इसके बाद इसमें बचे हुए बड़े डाल दें.
5 से 10 मिनट पकाएं, फिर परोसें
बचे हुए बड़े डालने के बाद सब्जी को 5 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि बड़े अच्छी तरह ग्रेवी का स्वाद सोख लें. जब सब्जी अच्छी तरह पक जाए, तो ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें. इस तरह आपकी गरमा-गरम करायल की सब्जी तैयार हो जाएगी. इसे चावल के साथ खाने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. आप चाहें तो इसे रोटी, पूड़ी या पराठे के साथ भी परोस सकते हैं.










