मुगल काल का वो दौर, जब आगरा किले से चलती थी बंगाल पर हुकूमत

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा को केवल ताज की नगरी कहना इसकी विशालता को कम करना होगा. वास्तव में, यह वह केंद्र था जिसने सदियों तक अखंड भारत की तकदीर लिखी. एक समय ऐसा था जब मुगल साम्राज्य की शक्ति का सूर्य आगरा में उदय होता था और उसकी किरणें सुदूर बंगाल तक पहुंचती थी. हाल ही में बंगाल चुनावों के बाद एक बार फिर आगरा किला और बंगाल के ऐतिहासिक संबंधों पर चर्चा तेज हो गई है. इतिहासकारों के दावों ने यह साफ कर दिया है कि बंगाल की सत्ता की चाबी कभी आगरा किले के ‘दीवान-ए-खास’ में सुरक्षित रहती थी.

आगरा किले से बंगाल पर होती थी हुकूमत और तय होते थे वहां के सूबेदार
आगरा के वरिष्ठ इतिहासकार राज किशोर शर्मा ‘राजे’ बताते हैं कि आगरा किले से ही बंगाल पर हुकूमत की जाती थी. उन्होंने बताया कि मुगल बादशाह आगरा किले के दीवान-ए-खास से बंगाल के गवर्नर को नियुक्त करते थे. इसी किले से बंगाल के लिए शाही फरमान और आदेश जारी होते थे.

मुगल बादशाह अकबर से लेकर औरंगजेब तक ने आगरा किले से ही पूरे बंगाल को संभाला हुआ था. इतिहासकार के अनुसार, राजा मानसिंह से लेकर शाइस्ता खां और शहजादा शुजा जैसे दिग्गजों को मुगल बादशाह ने बंगाल का सूबेदार नियुक्त किया था. यह सभी महत्वपूर्ण नियुक्तियां आगरा किले के दीवान-ए-खास के वैभवशाली कक्ष से ही की जाती थीं.

1576 से 1707 तक: आगरा के आदेशों पर टिका था बंगाल
इतिहास के पन्नों को पलटें तो पता चलता है कि मुगल बादशाह, विशेषकर अकबर और औरंगजेब के शासनकाल (सन 1576 से 1707 तक), में बंगाल की सत्ता का केंद्र आगरा किला ही था. दरअसल, मुगलों ने सन 1576 में बंगाल पर विजय हासिल की थी, जिसके बाद से बंगाल पूरी तरह मुगलिया सल्तनत के अधीन आ गया.

इतिहासकार बताते हैं कि दीवान-ए-खास से न केवल सूबेदारों की नियुक्ति होती थी, बल्कि वहां की राजनीति, सुरक्षा और महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय भी यहीं लिए जाते थे. मुगल बादशाहों के लिए बंगाल केवल एक राज्य नहीं, बल्कि एक रणनीतिक शक्ति थी.

मुगल बादशाह बंगाल से करते थे सीधा व्यापार
बंगाल की भूमि मुगलों के लिए स्वर्ण भंडार के समान थी. वरिष्ठ इतिहासकार राज किशोर शर्मा ने बताया कि उस दौर में मुगल बादशाह बंगाल से सीधा व्यापार करते थे. उस समय वहां की भूमि अत्यधिक उपजाऊ थी, जिसका सीधा आर्थिक लाभ मुगल खजाने को मिलता था. व्यापारिक गतिविधियों और रसद की आवाजाही के लिए बंगाल का मार्ग सबसे सुरक्षित और सुगम माना जाता था.

मुगलों ने दाऊद खान कर्रानी को हराकर बंगाल पर कब्जा किया था. उस दौर की उर्वरक खेती और व्यापारिक मार्ग मुगलों के लिए किसी बड़े खजाने से कम नहीं थे. मुगल बादशाह बंगाल पर अपनी पैनी और सीधी नजर रखते थे; वहां की हर छोटी-बड़ी घटना की जानकारी आगरा किले में बैठे बादशाह को सूबेदारों के माध्यम से दी जाती थी.

मुर्शिद कुली खां और सत्ता का नया मोड़
इतिहासकारों के अनुसार, मुगलों ने बंगाल पर सन 1717 तक निरंतर और प्रभावी हुकूमत की. लेकिन जब मुगल बादशाह ने मुर्शिद कुली खां को बंगाल का सूबेदार बनाया, तो इतिहास में एक नया मोड़ आया. मुर्शिद कुली खां बाद में बंगाल के पहले नवाब घोषित किए गए. यह स्पष्ट है कि उस दौर में बंगाल पर नियंत्रण रखना मुगलों के लिए केवल राजनीतिक प्रतिष्ठा का विषय नहीं था, बल्कि इसके पीछे गहरे आर्थिक और व्यापारिक हित भी जुड़े हुए थे.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति