Last Updated:August 26, 2026, 16:41 IST
Shamli News: शामली के कैराना में प्रेम प्रसंग में हत्या की साजिश उस समय उलटी पड़ गई, जब सद्दाम को मारने पहुंचे तीन नकाबपोश बदमाशों को ग्रामीणों ने घेर लिया. भागते समय एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश कर रहे 35 वर्षीय तसव्वर को आरोपी ने पेट में गोली मार दी. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए तसव्वर की मंगलवार सुबह मौत हो गई. ग्रामीणों ने पीछा कर दो बदमाशों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सद्दाम की हत्या के इरादे से गांव पहुंचे थे. मामले में मुख्य आरोपी समेत फरार बदमाशों की तलाश जारी है.
शामली में युवक की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
शामली: यूपी के शामली स्थित कैराना में प्रेम प्रसंग में एक युवक की हत्या करने पहुंचे बदमाशों ने ग्रामीणों के घेरने पर दूसरे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. जिससे गांव में मातम पसर गया. दरअसल, बीती सोमवार रात गांव तीतरवाड़ा में तीन नकाबपोश बदमाशों को संदिग्ध हालत में देखकर ग्रामीणों को शक हुआ. उन्होंने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो आरोपी फायरिंग करते हुए भागने लगे. पीछा करने के दौरान ईदगाह के पास 35 वर्षीय तसव्वर ने एक बदमाश को पकड़ लिया. इसी दौरान बदमाश ने पिस्टल से तसव्वर के पेट में गोली मार दी. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए तसव्वर की मंगलवार सुबह करीब चार बजे मौत हो गई.
घटना के बाद ग्रामीणों ने पीछा कर दो बदमाशों को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान पानीपत के बापौली निवासी मुबारिक और कैराना के मंडावर निवासी सोनिज के रूप में हुई है.
सद्दाम की हत्या के लिए आए थे शूटर
एएसपी सुमित शुक्ला के मुताबिक, कैराना के मंसूरा निवासी बिलाल उर्फ बिल्लू की पत्नी का गांव के सद्दाम के साथ प्रेम प्रसंग था. इसकी जानकारी होने के बाद बिलाल ने सद्दाम की हत्या की योजना बनाई थी. इसी के तहत उसने तीन साथियों को सोमवार रात तीतरवाड़ा गांव भेजा था. आरोपियों को सद्दाम की लोकेशन भी बताई गई थी. पुलिस के अनुसार, तीनों बदमाश गांव में सद्दाम की तलाश में घात लगाकर खड़े थे. इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई. पूछताछ करने पर बदमाश बाइक से भागने लगे और हवाई फायरिंग की. ग्रामीणों ने पीछा किया तो बदमाश बाइक छोड़कर पैदल भागने लगे.
तसव्वर ने बदमाश को पकड़ा, तभी मारी गोली
ग्रामीणों के पीछे आने पर तसव्वर भी बदमाशों को पकड़ने के लिए पहुंच गया. ईदगाह के पास उसने एक बदमाश को पकड़कर नीचे गिरा दिया. दोनों के बीच हाथापाई होने लगी. इसी दौरान बदमाश ने पिस्टल निकालकर तसव्वर के पेट में गोली मार दी. गोली लगते ही तसव्वर जमीन पर गिर पड़ा. मौका पाकर आरोपी गन्ने के खेत में भाग गया. उधर, ग्रामीणों ने दो अन्य बदमाशों मुबारिक और सोनिज को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस ने बरामद किए हथियार
कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार, मुबारिक के पास से तमंचा और कारतूस तथा सोनिज के कब्जे से पिस्टल बरामद हुई है. पुलिस ने बिना नंबर की बाइक भी कब्जे में ली है. फरार बिलाल उर्फ बिल्लू और उसके एक अन्य साथी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है. मृतक के भाई सनव्वर की तहरीर पर पुलिस ने बिलाल उर्फ बिल्लू, गौरव, मुबारिक और सोनिज समेत कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. शुरुआत में मामला जानलेवा हमले की धारा में दर्ज किया गया था, लेकिन तसव्वर की मौत के बाद इसे हत्या की धारा में दर्ज कर दिया गया है.
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
तसव्वर की मौत से परिवार में मातम पसरा है. उसकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी और उसके चार बच्चे हैं. वह टाइल्स लगाने का काम करता था. बेटे की मौत से पिता मीरहसन का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि सद्दाम को मारने के इरादे से आए बदमाशों की फायरिंग में तसव्वर की मौत हुई है. दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी बिलाल और फरार साथी की तलाश की जा रही है.
About the Author
Seema Nath is a digital journalist and content creator with 6 years of experience in journalism, including ground reporting, regional news coverage and feature writing. She currently works as a Content Producer…
और पढ़ेंLocation :
Shamli,Muzaffarnagar,Uttar Pradesh
First Published :
August 26, 2026, 16:41 IST










