टीम इंडिया में वापसी को बेताब मोहम्मद शमी, कप्तान बोले- उनमें भूख दिखती है
Last Updated:September 05, 2026, 18:17 IST
ishan kishan statement on mohammed shami: दलीप ट्रॉफी के फाइनल से पहले ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने मोहम्मद शमी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि शमी के अंदर अभी भी भारतीय टीम में वापसी करने की भूख और जोश है. शमी ने भारत के लिए आखिरी मैच मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था. इसके बाद उन्हें टीम में खेलने का मौका नहीं मिला.
मोहम्मद शमी को लेकर ईशान किशन का बड़ा बयान.
नई दिल्ली. ईस्ट जोन के कप्तान इशान किशन ने कहा कि अपना 100वां प्रथम श्रेणी मैच खेलने के लिए तैयार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के अंदर अभी भी पहले की तरह जोश बरकरार है और वह भारतीय टीम में वापसी के लिए प्रतिबद्ध नजर आते हैं. शमी ने सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में पांच विकेट लेकर ईस्ट जोन को 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. फाइनल में उसका सामना साउथ जोन से होगा. किशन ने मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं. वह इस खेल के दिग्गज हैं. जब से उन्होंने बंगाल के लिए खेलना शुरू किया है, तब से उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. वह विकेट लेते रहे हैं. वह अपना सब कुछ झोंक देते हैं. उन्होंने भारतीय टीम की तरफ से भी बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है.’’
‘फिर से टीम में आना चाहते हैं’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘मुझे लगता है उम्र तो बस एक संख्या है. अगर वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं तो उम्र मायने नहीं रखती. मैं शमी भाई की वो ललक देखता हूं. वह बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनके टीम में होने से हमें आत्मविश्वास मिलता है.’’ शमी अभी 36 साल के हैं और उनका करियर अवसान पर है, लेकिन किशन ने कहा कि वह कुछ अतिरिक्त ओवर करने के लिए तैयार रहते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘शमी भाई ने विकेट लेने के लिए अतिरिक्त ओवर मांगे थे. कप्तान के रूप में मुझे उनका यह रवैया बहुत अच्छा लगा. इससे कप्तान का आत्मविश्वास भी बढ़ता है. उनके अंदर अब भी भारतीय टीम की तरफ से खेलने की ललक है. वह फिर से भारतीय टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं.’’
2025 के बाद से नहीं मिल रहा मौका
शमी ने भारत की तरफ से अपना आखिरी मैच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई में खेला था. इसके बाद से वह मौके के इंतजार में हैं. शमी टीम में चयन को लेकर कई बार कह चुके हैं कि टीम में चयन होना उनके हाथ में नहीं है. शमी लाल और सफेद दोनों गेंदों से लगातार शानदार खेल दिखा रहे हैं. फिलहाल उनकी नजर दलीप ट्रॉफी फाइनल में जबरदस्त बॉलिंग करके टीम की जीत में अहम योगदान देने पर होगी. ईस्ट जोन की टीम 14 साल के लंबे समय बाद इस टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला खेलने उतरेगी.
शमी का सामना करने को तैयार साउथ जोन के बल्लेबाज
साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने भी शमी की जमकर तारीफ की, लेकिन कहा कि उनकी टीम इस चतुर तेज गेंदबाज का सामना करने के लिए तैयार है. तिलक ने कहा, ‘‘शमी भाई के खिलाफ खेलना हमारे लिए एक अच्छी चुनौती होगी. हमने पिछले मैच में देखा कि कैसे उन्होंने बल्लेबाजों को फंसाकर विकेट लिए. लेकिन हम उनका सामना करने के लिए तैयार हैं.’’
About the Author
परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 05, 2026, 18:17 IST









