Akhilesh Yadav news: पश्चिम बंगाल के चुनावों में ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) को मिली करारी हार के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव उनके साथ एकजुटता दिखा रहे हैं। वे बंगाल भी गए थे, जहां उन्होंने ममता से मुलाकात की। इसके बाद अब अखिलेश ने X पर दो तस्वीरें शेयर की हैं, जिसके जरिए वे एक तीर से कई निशाने साध गए। माना जा रहा है कि इशारों-इशारों में उन्होंने कांग्रेस को भी सुना दिया।
दरअसल, अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल की पूर्व CM ममता बनर्जी और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन संग अपनी तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन फोटोज को शेयर कर उन्होंने लिखा, “हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें।”
अखिलेश ने स्टालिन संग तस्वीर ऐसे वक्त शेयर की, जब तमिलनाडु में कांग्रेस ने अपना पाला बदल लिया है। पार्टी ने चुनाव DMK के साथ मिलकर लड़ा था। अब कांग्रेस ने औपचारिक रूप से तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) और थलापित विजय को समर्थन देने का ऐलान किया है।
दरअसल, इस बार तमिलनाडु चुनाव में कोई भी पार्टी या गठबंधन पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाया है, जिसके चलते सरकार बनाने में पेंच फंस रहा है। थलापति विजय की TVK ने 108 सीटों पर जीत तो दर्ज कर ली है, लेकिन वे बहुमत के आंकड़े 118 से दूर है। ऐसे में TVK विधायकों का समर्थन जुटाने की कोशिश में जुटी है।
कांग्रेस ने चुनाव में पांच सीटें जीती हैं। पार्टी ने ऐलान किया कि वह टीवीके को तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन देगी। इसके साथ कांग्रेस ने DMK के साथ गठबंधन खत्म करने की घोषणा भी की। कांग्रेस ने संकेत दिया है कि यह गठबंधन सिर्फ सरकार बनाने तक सीमित नहीं रहेगा। यह आने वाले लोकसभा, राज्यसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में भी जारी रहेगा।
DMK ने कांग्रेस के इस फैसले को ‘पीठ में छुरा घोंपना’ बताया। पार्टी ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने जनादेश का अपमान किया है।
ममता संग अखिलेश ने कोलकाता पहुंच की मुलाकात
अखिलेश यादव ने ममता-स्टालिन संग तस्वीरें शेयर कर दोनों के साथ एकजुटता का संदेश भी दिया। इससे पहले वे बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद 7 मई को ममता बनर्जी से मिलने कोलकाता पहुंचे। अखिलेश ने आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ममता को शॉल ओढ़ाते हुए कहा, “दीदी, आप हारी नहीं, लड़ी हैं।”
अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी, चुनाव आयोग और कुछ सरकारी एजेंसियां मिलकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था, ‘आज बंगाल जो करता है, देश कल करता है’, लेकिन BJP ने जो उत्तर प्रदेश में किया, वही मॉडल अब बंगाल में लागू किया गया है।










