Last Updated:October 19, 2026, 15:50 IST
Jaunpur News: कभी लोगों को अच्छी और ज्यादा चलने वाली घड़ियों को पहनने का शौक था. लेकिन बदलते दौर के कारण लोगों की पसंद भी बदल गई और घड़ी बनाने वाले कारीगरों का धंधा भी बैठ गया. मोबाइल और आधुनिक बदलावों के कारण घड़ियों की मरम्मत का काम लगभग खत्म होने की स्थिति में है. आइए जौनपुर के घड़ी मेकैनिक से जानते हैं अब की स्थिति.
जौनपुर: कभी घड़ी की टिक-टिक लोगों के समय की पहचान हुआ करती थी. घर में रखी पुरानी घड़ी खराब हो जाए तो उसे फेंका नहीं जाता था, बल्कि घड़ीसाज के पास ले जाकर ठीक कराया जाता था. लेकिन अब समय बदल गया है. मोबाइल ने घड़ी देखने का तरीका बदल दिया और इसके साथ ही घड़ियों की मरम्मत करने वाले कारीगरों का काम भी सिमटने लगा है. जौनपुर में एक ऐसी ही खानदानी दुकान आज भी ओलंदगंज में है, जिसकी स्थापना वर्ष 1936 में हुई थी. करीब 90 साल से समय की सुइयों को दुरुस्त करने वाला यह कारोबार अब बदलते दौर में अपनी पहचान बचाने की जद्दोजहद कर रहा है.
घड़ी कारोबारी मोहम्मद असद बताते हैं कि उनकी दुकान वर्ष 1936 में स्थापित हुई थी. यह उनके परिवार का खानदानी काम है. उनके दादा शम्सुद्दीन के समय से शुरू हुआ यह कारोबार कई पीढ़ियों तक पहुंचा है. दादा के बाद बड़े पापा, पिता और बड़े भाई ने इस काम को संभाला. अब वह खुद इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं. उनके परिवार और रिश्तेदारों की कोतवाली चौराहे के आसपास टाइम हाउस और न्यू टाइम हाउस नाम से भी पुरानी दुकानें हैं. परिवार की पांचवीं बड़ी दुकान के रूप में उनका कारोबार आज भी चल रहा है.
फैशन से जुड़ा घड़ी पहनने का चलन
मोहम्मद असद ने कहा कि घड़ियों की बिक्री पहले के मुकाबले काफी कम है. हालांकि अब भी कुछ ग्राहक घड़ियां खरीदते हैं. वकील, जज और ऐसे लोग, जिन्हें कलाई पर घड़ी पहनना पसंद है, आज भी इसे खरीदते हैं. वहीं, युवाओं में घड़ी पहनने का चलन काफी हद तक फैशन से जुड़ गया है. बाजार में 200, 300 और 500 रुपये तक की आकर्षक घड़ियां उपलब्ध हैं. पहले लोग अच्छी और लंबे समय तक चलने वाली घड़ियां खरीदते थे, लेकिन अब कम कीमत वाली घड़ियों की मांग भी दिखाई देती है.
मेहनत अधिक और कमाई कम
असद बताते हैं कि घड़ियों की मरम्मत का काम लगभग खत्म होने की स्थिति में है. पहले मैकेनिकल घड़ियों को ठीक करके 20 से 40 साल तक इस्तेमाल किया जाता था. अब इलेक्ट्रॉनिक घड़ियों में बैटरी, सर्किट और पानी से खराब होने जैसी समस्याएं आती हैं. इनकी मरम्मत के लिए बारीकी और काफी समय की जरूरत होती है. सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस पेशे में नए कारीगर नहीं आ रहे हैं. असद के अनुसार, घड़ी की मरम्मत करने वाले ज्यादातर कारीगर 50, 60 या 70 साल की उम्र के हैं. 20 से 30 साल के युवाओं की संख्या बहुत कम है. मेहनत अधिक और कमाई कम होने के कारण युवा इस काम को अपनाना नहीं चाहते.
बदलती तकनीक के बीच सिमटा कारोबार
मोहम्मद असद का कहना है कि आज भी घड़ी खरीदने वाले ग्राहक हैं, लेकिन मरम्मत कराने वालों की संख्या लगातार घट रही है. ऐसे में आने वाले समय में घड़ियों की मरम्मत करने वाले कुशल कारीगर मिलना मुश्किल हो सकता है. कभी लोगों की जरूरत रहा यह हुनर अब नई पीढ़ी की बेरुखी और बदलती तकनीक के बीच सिमटता जा रहा है. जौनपुर की यह पुरानी दुकान केवल कारोबार नहीं, बल्कि उस दौर की निशानी है, जब खराब घड़ी को बदलने के बजाय उसे ठीक कराकर फिर से चलाया जाता था.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ेंLocation :
Jaunpur,Uttar Pradesh
First Published :
October 19, 2026, 15:50 IST









