Last Updated:October 19, 2026, 15:58 IST
UP Chunav 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में तू डाल-डाल, मैं पात-पात वाला खेल देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पुराने सफल हथियार हिन्दुत्व, विकास कार्यों के साथ लॉ एंड ऑर्डर पर अड़े नजर आ रहे हैं. वहीं मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने हिसाब से दांव चलते हुए दिख रहे हैं. पिछले दो महीने में अखिलेश यादव ने दो बड़े बयान दिए हैं पहला उन्होंने जयंत चौधरी को चवन्नी छाप नेता कहा तो दूसरा उन्होंने सीएम अखिलेश यादव को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली. अखिलेश यादव ने ये दोनों दांव क्यों चले आइए इसकी इनसाइड स्टोरी समझते हैं.
यूपी चुनाव 2027 में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार दांव चलने में लगे हैं.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे राजनेताओं के नये-नये दांव पेच सामने आ रहे हैं. 2027 का चुनाव इसलिए दिलचस्प है क्योंकि योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में बीजेपी उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की चुनौती है तो वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) हर हाल में 10 साल का सत्ता वनवास खत्म करना चाहती है. सपा अध्यक्ष के पिछले दो महीने के बयानों पर नजर डालें तो उन्होंने दो ऐसी बातें कहीं हैं जिसका असर कहीं दूर तक है. पहला उन्होंने अपने पुराने सहयोगी आरएलडी प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को उनका पुराना चवन्नी वाला बयान याद कराया तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अयोध्या विधानसभा सीट से लड़ने की चुनौती दे डाली. सवाल उठता है कि अखिलेश यादव ने ये दोनों बातें क्यों कही, आइए इसके मायने समझने की कोशिश करते हैं.
अखिलेश ने जयंत को क्यों कहा ‘चवन्नी नेता’?
2022 के यूपी विधानसभा चुनाव के समय आरएलडी और समाजवादी पार्टी का गठबंधन था. उस दौरान एनडीए में जाने के पत्रकारों के सवाल पर आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा था- ‘मैं कोई चवन्नी नहीं हूं, जो पलट जाऊंगा’. 2024 के लोकसभा चुनाव से चंद महीने पहले नरेंद्र मोदी सरकार ने जयंत चौधरी के दादा और देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित कर दिया, जिसके बाद वह अखिलेश यादव का साथ छोड़कर बीजेपी के साथ चले गए.
अब 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने चवन्नी को भी रुपया बनाया, लेकिन वो भी छोड़कर चला गया. बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव ने यह बयान बेहद सोच समझकर दिया है. पार्टी की आंतरिक सर्वे के हवाले से मीडिया में खबरें आई हैं कि अखिलेश यादव समझ चुके थे कि जब से जयंत चौधरी एनडीए में गए हैं उसके बाद से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट और मुस्लिम वोटर दो ध्रुवों में बंट गए हैं. ऐसे में अगर सपा को मुस्लिमों को साथ लेकर चलना है तो जाट मोह छोड़ना होगा. इसी बात को ध्यान में रखकर अखिलेश यादव ने जाटों के सबसे बड़ा चेहरा जयंत चौधरी को चवन्नी छाप नेता कहा, जिसके बाद जाट नेताओं ने सपा के खिलाफ बयानबाजी शुरू कर दी. यानी अखिलेश यादव मुस्लिमों को यह मैसेज देने में सफल रहे कि जाट के प्रति उनका खास स्नेह नहीं बचा है.
अखिलेश ने अयोध्या में सीएम योगी को क्यों किया चैलेंज?
अखिलेश यादव ने सपा के संभावित उम्मीदवार पवन पांडे की ओर से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में पहुंचे तो यहां उन्होंने अयोध्या विधानभा सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली. हालांकि एक ही दिन बाद सीएम योगी ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव भी अयोध्या से नॉमिनेश करें, तो वह भी आमने-सामने की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं. हालांकि सीएम की इस चुनौती को अखिलेश यादव ने यह कहकर टाल दिया कि योगी आदित्यनाथ अपनी पार्टी में अपना टिकट तक फाइनल नहीं कर सकते हैं.
इन बयानबाजी से इतर ध्यान दें तो पता चलता है कि अखिलेश यादव ने अयोध्या में सीएम योगी को नहीं बल्कि हिंदुत्व को चैलेंज किया है. अखिलेश यादव ने हिंदुत्व को चैलेंज करके सपा के दो किस्म के वोटरों को एक मैसेज देने की कोशिश की, जिसमें पहली पहला दलित है और दूसरा मुस्लिम. पहली नजर में यही लग रहा है कि अखिलेश ने योगी को चुनौती दी है, बल्कि कहानी दूसरी है. योगी आदित्यनाथ इस समय ना केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे भारत में हिन्दुत्व का सबसे बड़ा चेहरा हैं. उनकी भगवा वेशभूषा हो चाहे उनकी भाषण शैली हर चीज कट्टर हिदुत्व की छवि झलकती है. इसी बात को ध्यान में रखकर अखिलेश यादव ने हिन्दुत्व के सबसे बड़े चेहरे को अयोध्या की धरती पर लड़ने की चुनौती दी है.
योगी आदित्यनाथ की सरकार में अयोध्या में ऐतिहासिक राम मंदिर बनने के बाद कितना काम हुआ है, यह बताने की जरूरत नहीं है. इसके बाद भी 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के दलित नेता अवधेश प्रसाद चुनाव जीते. यही वजह है कि अखिलेश यादव 2027 में भी अयोध्या की धरती से हिन्दुत्व के खिलाफ दलित+मुस्लिम+ओबीसी का नैरेटिव गढ़ने की कोशिश में हैं.
About the Author
अभिषेक कुमार News18 की डिजिटल टीम में बतौर एसोसिएट एडिटर (सहयोगी संपादक) पद पर कार्यरत हैं. वे यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तसीगढ़, उत्तराखंड की राजनीति, क्राइम समेत तमाम समसामयिक…
और पढ़ेंLocation :
Lucknow,Lucknow,Uttar Pradesh
First Published :
October 19, 2026, 15:58 IST










