Last Updated:November 14, 2026, 16:53 IST
चिल्ड्रेन डे के खास मौके पर बॉलीवुड एक्ट्रेस सोहा अली खान ने सोशल मीडिया पर अपने फैमिली एल्बम से कुछ अनदेखी तस्वीरों की झलक दिखाई है. इन ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीरों में उनके माता-पिता शर्मिला टैगोर और मंसूर अली खान पटौदी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ नजर आ रहे हैं. इस खूबसूरत और पुरानी तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींच लिया है, जिसमें बचपन की शर्मिला और युवा मंसूर अली खान को पहचानना भी काफी दिलचस्प लग रहा है.
ख़बरें फटाफट
सोहा अली खान ने बाल दिवस पर फैंस को दी बधाई. (फोटो: Instagram@sakpataudi)
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस सोहा अली खान ने बाल दिवस के खास मौके पर सोशल मीडिया पर पुरानी यादों को ताजा किया है. शनिवार को उन्होंने अपने दिवंगत पिता मंसूर अली खान पटौदी और मां शर्मिला टैगोर की कुछ अनदेखी ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें वे देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ नजर आ रहे हैं. इस खास पोस्ट के जरिए सोहा ने न केवल पंडित नेहरू को उनकी जयंती पर याद किया, बल्कि अपने परिवार के सुनहरे अतीत की एक प्यारी झलक भी दुनिया के सामने पेश की है.
सोहा अली खान ने इंस्टाग्राम हैंडल पर तीन तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिसमें उनके माता-पिता पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ नजर आ रहे हैं. इन अनदेखी तस्वीरों में छोटी सी शर्मिला और युवा मंसूर को देखकर फैंस भी हैरान रह गए, क्योंकि उन्हें पहचानना मुश्किल हो रहा था. तस्वीरें शेयर करते हुए सोहा ने लिखा, ‘मेरे माता-पिता बनने से पहले वे भी बच्चे थे. आज बाल दिवस के मौके पर मैं अपने फैमिली एल्बम से दो खास झलकियां शेयर कर रही हूं. मेरी मां और मेरे पिता. दोनों ही एक ऐसे शख्स के साथ खड़े हैं, जो मानते थे कि बच्चे ही देश का भविष्य होते हैं.’
View this post on Instagram
हर बच्चे को बड़ा सपना देखने का मिले मौका
पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में क्यों मनाया जाता है, ये बताते हुए सोहा ने लिखा, ‘पंडित नेहरू का जन्मदिन भारत में बाल दिवस बना क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि ये दिन उनके बारे में हो. वो चाहते थे कि इस दिन को देश के भविष्य के रूप में सेलिब्रेट किया जाए और हर बच्चे को बड़ा सपना देखने का मौका मिले.’
सोहा अली खान ने बाल दिवस की दी बधाई
सोहा अली खान ने इच्छा जताई कि हर बच्चे को अपने सपने को हकीकत में बदलने का मौका मिलना चाहिए. उन्होंने पोस्ट खत्म करते हुए लिखा, ‘मेरे माता-पिता के बड़े सपने थे. टैलेंट, मेहनत, लगन और मौके से उनके सपने पूरे हुए. हर बच्चे को अपने सपनों को हकीकत में बदलने का वही मौका मिले. बाल दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं.’
सोहा अली खान ने बंगाली फिल्म से किया करियर शुरू
सोहा अली खान के करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2004 में बंगाली फिल्म ‘इति श्रीकांत’ से एक्टिंग की शुरुआत की थी, जिसमें उन्होंने कमललता का किरदार निभाया था. उसी साल उन्होंने शाहिद कपूर के साथ फिल्म ‘दिल मांगे मोर’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में अपने हुनर का जलवा बिखेरा. पिछली बार वह हॉरर मूवी छोरी 2 में नजर आई थीं.
About the Author
Kamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ेंFirst Published :
November 14, 2026, 16:30 IST










