नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ इसी महीने से शुरू हो तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है. भारतीय टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी. टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की वापसी हुई है. इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा और वाशिंगटन सुंदर को भी स्क्वाड में शामिल किया गया है.
हालांकि, इन चारों के खेलने पर संश्य है. अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमेटी ने इन चारों प्लेयर को इस शर्त पर टीम में रखा है कि अगर वह पूरी तरह से फिट हुए तभी खेल पाएंगे. ऐसे में सवाल ये उठता है कि आखिर ये चारों जब पूरी तरह से फिट नहीं हैं तो फिर इनको टीम में शामिल करने की क्या मजबूरी थी.
शुभमन गिल ने भी फिटनेस पर उठाए थे सवाल?
पिछले कुछ समय से टीम इंडिया के सामने फिटनेस एक बड़ी समस्या रही है. भारतीय टीम के कई बड़े खिलाड़ी लगातार चोटिल हो रहे हैं. इसका खामियाजा भी टीम को भुगतना पड़ा है, जैसा कि हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर देखने को मिला. इस दौरे पर कप्तान गिल फिटनेस की समस्याओं से इतने परेशान हो गए कि उन्होंने खुलकर इस पर आवाज उठाई.
शुभमन गिल का कहना था कि जब टीम चुनी जाती है तो हमारे पास वो खिलाड़ी होते हैं जिनके साथ अपनी योजना बनाते हैं, लेकिन एक या दो मैच के बाद चोट के कारण हमें अपनी रणनीति बदलनी पड़ती है. बता दें कि इंग्लैंड दौरे पर हर्षित राणा, बुमराह और सुंदर एक के बाद एक टीम से बाहर हो गए थे. मुख्य स्क्वाड में खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण टीम इंडिया को सीरीज गंवानी पड़ी थी. वहीं, अब एक बार फिर टीम में उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया गया जो अभी भी फिटनेस की समस्याओं से जूझ रहे हैं.
भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन,इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा.
नोट: बुमराह, रेड्डी, वाशिंगटन और राणा का खेलना फिटनेस स्वीकृति पर निर्भर.









