Last Updated:September 15, 2026, 20:38 IST
Hanuman Ansh Latest News: पंजाब के गुरदासपुर में नरेंद्र विज निती सारा ने पिता सुरिंदर विज की बरसी पर पूरा थिएटर बुक कर 200 से अधिक राम भक्तों को ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई. इस दौरान सिनेमा हॉल में लोग सीता-राम का जाप करते हुए भी नजर आएं.
पिता की बरसी पर बेटे ने बुक कराया पूरा थिएटर (फाेटो : AI)
गुरदासपुर: पिता की बरसी पर आमतौर पर लोग धार्मिक पूजा-पाठ या भंडारे का आयोजन करते हैं लेकिन गुरदासपुर के कलानौर में एक बेटे ने अपने पिता की याद को कुछ अलग अंदाज में मनाया. दिवंगत सरपंच सुरिंदर विज की दसवीं बरसी पर उनके बेटे नरेंद्र विज निती सारा ने पूरा थिएटर बुक कराया और 200 से ज्यादा राम भक्तों को ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई. फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान थिएटर में फिल्म से ज्यादा भक्तिमय माहौल नजर आया. पूरा परिसर ‘सीता-राम, सीता-राम’ के जाप से गूंज उठा.
पिता की बरसी पर पूरा थिएटर कराया बुक
गुरदासपुर के ऐतिहासिक कस्बे कलानौर के गांव पंचायत जैलदारां के दिवंगत सरपंच सुरिंदर विज की दसवीं बरसी के मौके पर विशेष धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. उनके समाजसेवी बेटे नरेंद्र विज निती सारा ने इस मौके पर पूरा थिएटर बुक करवाया, ताकि बड़ी संख्या में राम भक्त एक साथ धार्मिक फिल्म का आनंद ले सकें. कार्यक्रम में 200 से अधिक राम भक्तों ने हिस्सा लिया और सभी को ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई गई.
थिएटर में फिल्म चली, लेकिन माहौल मंदिर जैसा रहा
फिल्म देखने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए थिएटर में विशेष धार्मिक माहौल तैयार किया गया था. कार्यक्रम में छोटे देवा कलानौर, बाबा रमा समेत कई धार्मिक हस्तियां मौजूद रहीं. राम भक्तों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया. इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं से सीता-राम का जाप करवाया गया. भजन मंडलियों ने धार्मिक भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे थिएटर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया. यानी जहां आमतौर पर फिल्म के दौरान पर्दे पर कहानी चलती है. वहीं इस कार्यक्रम में स्क्रीनिंग के साथ भजन, जाप और धार्मिक आयोजन भी चलते रहे.
लंगर की भी हुई व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल संगत के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई थी. बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे और धार्मिक आयोजन में हिस्सा लिया. इस दौरान अशोक कोहली ने दिवंगत सुरिंदर विज के जीवन और समाज के लिए किए गए कार्यों के बारे में संगत को जानकारी दी. उन्होंने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.
पिता की याद में सालों से कर रहे समाजसेवा
नरेंद्र विज ने बताया कि उनके पिता की याद में पिछले कई वर्षों से लगातार सामाजिक सेवा के काम किए जा रहे हैं. इनमें मेडिकल कैंप लगाना, कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंदों की मदद करना और स्कूली विद्यार्थियों को पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध करवाना जैसे काम शामिल हैं. उनका कहना था कि इस बार पिता की बरसी को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ा गया. इसी सोच के तहत राम भक्तों के लिए ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग रखी गई और साथ में सीता-राम का जाप भी करवाया गया.
बच्चों को संस्कृति से जोड़ने का संदेश
फिल्म देखने पहुंचे राम भक्तों ने कहा कि आज के समय में बच्चों और नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना बेहद जरूरी है. उनका मानना था कि बुजुर्गों की याद में बच्चों को धार्मिक और प्रेरणादायक फिल्में दिखाने से उन्हें अपनी परंपराओं, संस्कृति और धार्मिक विरासत को समझने का अवसर मिलता है. कार्यक्रम में जनक राज खुल्लर, सोनी महाजन, अंकुश सोही, राजकुमार समेत बड़ी संख्या में राम भक्त मौजूद रहे. भजन, सीता-राम जाप, लंगर और ‘हनुमान अंश’ की स्क्रीनिंग के जरिए आयोजित यह पूरा कार्यक्रम दिवंगत सुरिंदर विज की स्मृति को समर्पित रहा.
About the Author
अरुण बिंजोला वर्तमान में News18 हिंदी में एसोसिएट एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वह करीब 19 वर्षों से काम कर रहे हैं, जिसमें 13 वर्षों से अधिक समय डिजिटल मीडिया में बी…
Delhi,Delhi,Delhi
First Published :
September 15, 2026, 20:38 IST









