पीसीबी का तुगलकी फरमान, खिलाड़ियों के मोबाइल फोन को किया जब्त
Last Updated:September 06, 2026, 09:30 IST
Pakistan vs England, 3rd Test: इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम को लेकर एक हैरान करने वाली खबर आई है. पाकिस्तानी मीडिया के रिपोर्ट के मुताबिक टीम के सभी खिलाड़ियों के मोबाइल जब्त किए जाएंगे. पाकिस्तान पहले ही सीरीज गंवा चुकी है और दौरे के बीच से 7 खिलाड़ियों को वापस देश जा चुके हैं. ऐसे में मोबाइल जब्त करने का नया फरमान काफी चिंताजनक बताया जा रहा है.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम
नई दिल्ली: इंग्लैंड दौरे पर तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए गई पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें खत्म नहीं हो रही हैं. पाकिस्तानी टीम पहले ही लगातार दो मैच हारकर सीरीज गंवा चुकी है. दूसरे टेस्ट में हार के बाद टीम में ऐसी उथल-पुथल मची कि हेड कोच सरफराज अहमद समेत 7 खिलाड़ियों को दौरे के बीच से पाकिस्तान वापस बुला लिया गया. वहीं, पाकिस्तानी मीडिया से अब यह खबर आ रही है कि तीसरे टेस्ट से पहले टीम के सभी खिलाड़ियों के मोबाइल जब्त किए जाएंगे.
पाकिस्तानी मीडिया ‘365 न्यूज’ के मुताबिक खिलाड़ियों ने अपने सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पीसीबी को सौंप दिए हैं और अंतिम टेस्ट के समाप्त होने तक वे बोर्ड के पास ही रहेंगे. रिपोर्ट में उन खिलाड़ियों की पहचान का खुलासा नहीं किया गया है जिनके फोन लिए गए हैं, जबकि पीसीबी ने सार्वजनिक रूप से भी यह नहीं बताया है कि इन उपकरणों को अपने कब्जे में क्यों रखा गया है.
क्या पाकिस्तान क्रिकेट पर छाया फिक्सिंग का साया?
बता दें कि किसी भी सीरीज के दौरान क्रिकेट बोर्ड खिलाड़ियों के मोबाइल फोन को तब जब्त करने का आदेश देता है जब किसी तरह के भ्रष्टाचार का शक हो. ऐसे में अचानक मीडिया में इस खबर के आने से कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों के मोबाइल फोन जब्त होंगे क्रिकेट वर्ल्ड में हड़कंप मच गया है. इसके साथ ही एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट पर मैच फिक्सिंग का साया मंडराने लगा है.
क्या हैं खिलाड़ियों के मोबाइल फोन को लेकर नियम?
क्रिकेट में मैच के दौरान खिलाड़ियों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध है. आईसीसी के नियमों के मुताबिक खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को किसी इंटरनेशनल मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम समेत प्रतिबंधित क्षेत्रों के अंदर मोबाइल फोन या अन्य गैजेट अपने पास रखने या उनका उपयोग करने की अनुमति नहीं होती है.
नियम के मुताबिक खिलाड़ी जैसे ही टीम बस से मैच के वेन्यू पर पहुंचते हैं, उन्हें तुरंत अपने गैजेट जमा कराने होते हैं. वहीं, मैच के बाद सबको वापस कर दिए जाते हैं. हालांकि, आईसीसी के नियमों के बावजूद खिलाड़ियों के फोन को अपने कब्जे में लेने के पीसीबी के कथित फैसले से यह साबित नहीं होता है कि किसी तरह के फिक्सिंग मामले की जांच चल रही है.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
September 06, 2026, 09:30 IST











