नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. कंगारू टीम साल 2018 के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका के दौरे पर जा रही है. ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच अक्टूबर में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी. ऑस्ट्रेलिया ने अपने इस स्क्वाड में खराब फॉर्म से गुजर रहे मार्नस लाबुशेन को भी शामिल किया है.
पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच सीरीज 1-1 से ड्रॉ होने के बाद लाबुशेन के लिए टीम में जगह पाना मुश्किल लग रहा था, लेकिन चयनकर्ताओं ने किसी बड़े बदलाव से परहेज किया है. इसके अलावा टीम में कूपर कोनोली, मैथ्यू कुहनेमैन और माइकल नेसर को भी शामिल किया गया है.
सैंडपेपर गेट कांड के बाद साउथ अफ्रीका में ऑस्ट्रेलिया की पहली सीरीज
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसके घर में सैंडपेपर गेट कांड के बाद पहली बार टेस्ट सीरीज खेलेगी. साल 2018 में जब ऑस्ट्रेलियाई टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर गई थी, तब बॉल-टैम्परिंग विवाद ने वर्ल्ड क्रिकेट में भूचाल ला दिया था. ऑस्ट्रेलिया की मौजूदा टीम में अभी पांच ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो 2018 के सैंडपेपर गेट कांड वाली विवादित टीम का भी हिस्सा थे. इनमें पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और मैथ्यू रेनशॉ हैं. बॉल टेंपरिंग की उस घटना के बाद डेविड वार्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट को बैन कर दिया गया था.
Australia’s Test squad for their first visit to South Africa since 2018
साउथ अफ्रीका दौरे पर ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट शेड्यूल
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट मैच की शुरुआत 9 अक्टूबर से हो रही है. उससे पहले दोनों टीमें दो दिवसीय वार्म-अप मैच खेलेंगी. पहला टेस्ट मैच डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में खेला जाएगा. दूसरा टेस्ट 18-22 अक्टूबर के बीच सेंट जॉर्ज पार्क में और तीसरा टेस्ट 27-31 अक्टूबर के बीच न्यूलैंड्स, केप टाउन में खेला जाएगा. टेस्ट सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी.
ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, कैमरून ग्रीन, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर.










