16 साल का करियर खत्म… केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास
Last Updated:June 12, 2026, 15:44 IST
Kane Williamson Retires from International Cricket: न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. 35 साल के इस कीवी स्टार ने इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच जारी टेस्ट सीरीज के बीच अचानक अपने इस फैसले से हर किसी को चौंका दिया. विलियमसन ने तीनों फॉर्मेट में कुल 19,346 रन बनाए, जो किसी भी कीवी बल्लेबाज के लिए सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है. वह न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 48 शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं.
केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा.
नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के महानतम बल्लेबाजों में शुमार केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. 16 साल तक क्रिकेट पिच पर अपनी क्लासिक बल्लेबाजी और बेमिसाल कप्तानी का लोहा मनवाने वाले विलियमसन ने तत्काल प्रभाव से संन्यास का ऐलान कर फैंस को चौंका दिया है. साल 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने वाले केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए कुल 378 मैच खेले. वह कीवी टीम के लिए तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) को मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में रिटायर हुए हैं.
बीच सीरीज में लिया बड़ा फैसला
विलियमसन का संन्यास का यह निर्णय तब आया है, जब न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड दौरे पर है, जहां टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. तीन मैचों की इस सीरीज का पहला मुकाबला ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया, जिसमें कीवी टीम को 115 रन से शिकस्त मिली. इस मुकाबले में विलियमसन कुछ खास नहीं कर सके. पहली पारी में वह बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि दूसरी पारी में 18 रन बनाए.
“It’s a team I love and it’s so dear to my heart”
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शेयर किया वीडियो
35 साल के इस दिग्गज ने नवंबर 2025 में टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट छोड़ने का फैसला किया था, लेकिन अब विलियमसन का कहना है कि यह क्रिकेट से पूरी तरह से संन्यास लेने का सही समय है. न्यूजीलैंड ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें विलियमसन अपने फैसले के बारे में कहा, ‘मैंने इस बारे में काफी समय से सोचा है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह साफ हो गया है कि अब सही समय आ गया है.’
वीडियो में विलियमसन ने आगे कहा, ‘मुझे हमेशा से इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए एक जबरदस्त जुनून और चाहत महसूस हुई है और मुझे इस बात पर गर्व है कि न्यूजीलैंड के लिए खेले गए हर मैच में मैंने अपना सब कुछ दिया है.’ इससे कम कुछ भी करना सही नहीं होगा और मैं खुद अपनी शर्तों पर इससे अलग होने को लेकर खुशकिस्मत महसूस करता हूं. मैं इस टीम के भविष्य को लेकर उम्मीद से भरा हुआ हूं. इस न्यूजीलैंड टीम में बहुत टैलेंट है और कुछ खास करने की सच्ची चाहत भी है. यह एक ऐसी टीम है जिसे मैं बहुत पसंद करता हूं और इतने लंबे समय तक इसका हिस्सा रहने के लिए मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं. टीम हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी.’
ऐसा रहा इंटरनेशनल करियर
केन विलियमसन ने नवंबर 2010 में अहमदाबाद में भारत के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच में शतक बनाकर इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार शुरुआत की थी. इससे तीन महीने पहले ही उन्होंने भारत के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था. उन्होंने अपने 110 टेस्ट मैचों में 54.06 के बेहतरीन औसत से 9515 रन बनाए, जिसमें 38 अर्धशतक और 33 शतक शामिल हैं. हालांकि, विराट कोहली की तरह विलियमसन का भी 10000 टेस्ट रन बनाने का सपना अधूरा रह गया. विलियमसन का वनडे रिकॉर्ड भी टेस्ट जितना ही शानदार है. उन्होंने 175 मैचों में 48.69 के औसत से 7256 रन बनाए, जिसमें 47 अर्धशतक और 15 शतक शामिल हैं. इस दिग्गज ने 93 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेले, जिनमें 2575 रन बनाए. इस फॉर्मेट में उनके नाम 18 अर्धशतक हैं.
बतौर कप्तान विलियमसन का रिकॉर्ड
विलियमसन ने न्यूजीलैंड टीम की लंबे समय तक कप्तानी भी संभाली है. उन्होंने 40 टेस्ट, 91 वनडे और 75 टी20 मैचों में कप्तानी की. उनके नेतृत्व में न्यूजीलैंड 2019 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा, जहां उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया. इसके अलावा उन्होंने 2021 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी टीम की कप्तानी की. कप्तान के रूप में उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि पहली ‘वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप’ जीतना थी. जून 2021 में साउथैम्पटन में खेले गए फाइनल मैच में उन्होंने 49 और नाबाद 52* रन बनाए थे, जिससे न्यूजीलैंड ने भारत को हरा दिया. विलियमसन न्यूजीलैंड के लिए पुरुषों में छठे सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. वह चार बार ‘सर रिचर्ड हैडली मेडल’ जीत चुके हैं और उन्हें 2019 में ‘आईसीसी मेंस टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ भी चुना गया था.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi










