भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप में कल टक्कर, मैच से जुड़ी सारी जानकारी

नई दिल्ली. पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप को जीतकर चैंपियन बनने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब इंग्लैंड और वेल्स में टी20 के खिताब को अपने नाम करने का इरादा रखती है. 12 जून से 5 जुलाई तक होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 को जीतकर महिला टीम इतिहास रचना चाहती है. कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप कप्तान स्मृति मंधाना पर सबकी नजरें रहने वाली है

भारतीय टीम को अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करना है. 14 जून रविवार का दिन क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास होगा. इसका इंतजार हर किसी को बेसब्री से है. वर्ल्ड चैंपियन बनने की राह में पहला कदम हरमनप्रीत कौर की टीम पाकिस्तान को हराकर रखना चाहेगी. चलिए महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का शेड्यूल और लाइव स्ट्रीमिंग के बारे में जान लेते हैं.

इस टूर्नामेंट के 10वें एडिशन में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं. पिछली बार 10 टीमों के बीच यह टूर्नामेंट खेला गया था. इन टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है, हर ग्रुप में छह टीमें हैं. भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब तक पांच बार महिला टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. 2020 में टीम उपविजेता रही थी.

भारत को ग्रुप 1 में पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है. टीम अपने अभियान की शुरुआत रविवार को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ करेगी.

भारत का महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल (भारतीय समयानुसार)

14 जून, रविवार: भारत बनाम पाकिस्तान (बर्मिंघम) – शाम 7:00 बजे

17 जून, बुधवार: भारत बनाम नीदरलैंड्स (लीड्स) – शाम 7:00 बजे

21 जून, रविवार: दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत (मैनचेस्टर) – शाम 7:00 बजे

25 जून, गुरुवार: भारत बनाम बांग्लादेश (मैनचेस्टर) – शाम 7:00 बजे

28 जून, रविवार: ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत (लॉर्ड्स, लंदन) – शाम 7:00 बजे

कुल 33 मैच 24 दिनों में सात अलग-अलग वेन्यू पर खेले जाएंगे. टूर्नामेंट के फॉर्मेट के मुताबिक, हर टीम अपने ग्रुप की बाकी सभी टीमों से एक-एक मैच खेलेगी. ग्रुप स्टेज के बाद हर ग्रुप की टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. ग्रुप 1 की विजेता टीम सेमीफाइनल में ग्रुप 2 की उपविजेता से भिड़ेगी, जबकि ग्रुप 2 की विजेता टीम ग्रुप 1 की उपविजेता से भिड़ेगी.

दोनों सेमीफाइनल और फाइनल लंदन में खेले जाएंगे. सेमीफाइनल द ओवल में और फाइनल ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर होगा. महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया सबसे सफल टीम है, जिसने छह बार खिताब जीता है. इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड ने भी यह ट्रॉफी अपने नाम की है.

भारत में महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 कहां देखें लाइव

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के क्रिकेट मैच JioHotstar पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देखे जा सकते हैं. वहीं, स्टार स्पोर्ट्स 1, स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी, स्टार स्पोर्ट्स 2, स्टार स्पोर्ट्स 2 एचडी, स्टार स्पोर्ट्स 3 और स्टार स्पोर्ट्स 3 एचडी टीवी चैनलों पर भी इन मैचों का सीधा प्रसारण होगा.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति