भारत के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तान को तगड़ा झटका, कप्तान फातिमा सना को लगी चोट
Last Updated:June 13, 2026, 19:09 IST
Fatima Sana Injured: पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना के नेट सेशन के दौरान शनिवार को दाहिने घुटने के ठीक नीचे गेंद लगने से टीम के लिए चोट का डर पैदा हो गया है. ये घटना भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच से ठीक पहले हुई है.
फातिमा सना नेट सेशन के दौरान चोटिल.
नई दिल्ली. महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ओपनिंग मुकाबले में पाकिस्तान की टक्कर भारत से है. दोनों टीमें कल यानी 14 जून को मैदान पर आमने-सामने होंगी। इससे पहले पाकिस्तान के लिए एक बुरी खबर सामने आई है, जिसमें उनके खेमे की टेंशन बढ़ा दी है. दरअसल, पाकिस्तान टीम की कप्तान फातिमा सना के नेट सेशन के दौरान शनिवार को दाहिने घुटने के ठीक नीचे गेंद लगने से टीम के लिए चोट का डर पैदा हो गया है. ये घटना भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच से ठीक पहले हुई है.
क्या भारत के खिलाफ मैच से होंगी बाहर?
फातिमा नेट्स में गेंदबाजी कर रही थीं, तभी एक बल्लेबाज के सीधे शॉट (स्ट्रेट ड्राइव) से उन्हें चोट लगी. सना की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम बर्मिंघम के एजबेस्टन में भारत के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगी. फातिमा की चोट कितनी गंभीर है, इसे लेकर कोई आधिकारिक अपडेट तो सामने नहीं आया है, लेकिन अगर वह मैच से बाहर होती हैं तो यह पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है. हालांकि, टीम मैनेजमेंट को उम्मीद होगी कि उनकी इंजरी ज्यादा गंभीर न हो और पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप के ओपनिंग मैच का हिस्सा रहें.
जीत से टीम इंडिया करना चाहेगी आगाज
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम में अनुभव और आक्रामक खेल का शानदार मिश्रण है, खासकर टॉप ऑर्डर में, जहां स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा शुरुआत से ही मैच की गति तय कर सकती हैं. भारत के पास एक संतुलित गेंदबाजी आक्रमण है. इंग्लिश परिस्थितियों में रेणुका सिंह की स्विंग और दीप्ति शर्मा की निरंतरता महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. क्रांति गौड़ भी इस मैच में अपनी चमक बिखेर सकती हैं.
दूसरी तरफ, पाकिस्तान की युवा टीम मैदान पर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेगी. पाकिस्तानी टीम में दिग्गज स्पिनर सादिया इकबाल और निदा डार की भूमिका अहम होगी. डायना बेग भी भारतीय बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती हैं. भले ही भारत इस मैच में जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन पाकिस्तान उलटफेर करने और जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार होगा.
दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल में भारत का ‘हेड-टू-हेड’ रिकॉर्ड बेहतर रहा है, लेकिन पाकिस्तान को इससे आत्मविश्वास मिलेगा कि बड़े टूर्नामेंट्स में अक्सर अप्रत्याशित नतीजे देखने को मिलते हैं. दोनों देशों की महिला टीमों के बीच अब तक कुल 16 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 13 मैच जीते, जबकि 3 मुकाबले पाकिस्तान के नाम रहे.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…
और पढ़ेंNews18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi










