Last Updated:March 11, 2026, 18:22 IST
Amethi News: अमेठी में कुल 11 सिद्धपीठ मंदिर हैं, जिनमें तीन मुख्य बड़े मंदिर और बाकी छोटे सिद्धपीठ शामिल हैं. इन सभी जगहों पर प्लास्टिक के कचरे और गंदगी का अंबार लगा हुआ है. आइए जानते हैं कि इसको लेकर स्थानीय लोगों का क्या कहना है.
अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में धार्मिक आस्था का केंद्र कहे जाने वाला सिद्धपीठ मंदिर इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है. शासन द्वारा इन मंदिरों को ‘नो प्लास्टिक जोन’ घोषित तो किया गया था, लेकिन धरातल पर व्यवस्था सिर्फ कार्यों पर है. लोकल 18 की टीम ने जब जिले के प्रमुख सिद्धपीठों का ग्राउंड रियलिटी चेक किया, तो तस्वीर शर्मनाक मिली. मंदिरों पर आस्था के बजाय प्लास्टिक और गंदगी का कब्जा मिला.
तीन बड़े सिद्धपीठों सहित 11 मंदिरों में गंदगी का कब्जा
अमेठी जिले में कुल 11 सिद्धपीठ मंदिर हैं, जिनमें तीन मुख्य बड़े मंदिर और बाकी छोटे सिद्धपीठ शामिल हैं. इन सभी जगहों पर प्लास्टिक के कचरे और गंदगी का अंबार लगा हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा साफ-सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है. मंदिर आने वाले श्रद्धालु आस्था के साथ आते हैं, लेकिन वहां फैली अव्यवस्था उन्हें निराश करती है.
ग्राउंड जीरो पर बातचीत के दौरान स्थानीय निवासी और मंदिर के पुजारी गुड्डन बाबा ने अपनी पीड़ा व्यक्त की. उन्होंने कहा कि मंदिरों को वास्तविक रूप में प्लास्टिक मुक्त घोषित किया जाना चाहिए. जो लोग मनाही के बाद भी प्लास्टिक का उपयोग कर रहे हैं, उन पर जुर्माना होना चाहिए. साथ ही मंदिरों की व्यवस्था को लेकर समय-समय पर मॉनिटरिंग होनी चाहिए, ताकि व्यवस्था बेहतर बनी रहे.
प्रशासन सख्त: दिन में 5 बार होगी सफाई
इस पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि जिले के सभी सिद्धपीठ और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखना विभाग की प्राथमिकता है. उन्होनें कहा कि सभी सिद्धपीठों को अब कड़ाई से नो प्लास्टिक जोन बनाया जाएगा.
प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के विरुद्ध अब केवल चेतावनी नहीं, बल्कि सीधी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा. सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने निर्देश दिया है कि अब इन स्थलों पर दिन में 4 से 5 बार सफाई कराई जाएगी, ताकि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Location :
Amethi,Lucknow,Uttar Pradesh
First Published :
March 11, 2026, 18:22 IST










