20 गाड़ियों में पंजाब कैबिनेट मंत्री के घर पहुंचे ED के अफसर, दिल्ली से चंडीगढ़ तक संजीव अरोड़ा के कई ठिकानों पर छापेमारी

ED Raid at Punjab Minister House: पंजाब की राजनीति में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ED की टीम ने राज्य के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। ईडी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) के एक गंभीर मामले से जुड़ी बताई जा रही है, जिसके तार दिल्ली से लेकर दुबई तक फैले हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारी करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित संजीव अरोड़ा के आधिकारिक आवास पर पहुंचे। रेड के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब तीन दर्जन CIA और स्पेशल फोर्स (SF) के जवानों को तैनात किया गया है। चंडीगढ़ के अलावा दिल्ली, गुरुग्राम और लुधियाना स्थित हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के कार्यालय परिसरों सहित कुल 5 ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी संजीव अरोड़ा और उनकी कंपनी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोप है कि कंपनी के माध्यम से 100 करोड़ रुपये से अधिक के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी खरीद दिखाई गई। इसके बाद अवैध धन को दुबई भेजा गया और फिर वहां से निर्यात (Export) के नाम पर वापस भारत लाया गया, जिसे ‘राउंड ट्रिपिंग’ कहा जाता है।

भगवंत मान और संजय सिंह का तीखा हमला

आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस छापेमारी को ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ करार दिया है। मामले के बाद सांसद संजय सिंह ने कहा है, “बीजेपी का सुपारी किलर ईडी आज फिर पंजाब पहुंच गया है। पंजाब की जनता का काम रोकने के लिए मोदी जी और कितने हथकंडे अपनाएंगे? दो-तीन दिन तमाशा चलेगा, फर्जी खबरें चलेंगी और फिर ये सुपारी किलर वापस चले जाएंगे।”

वहीं, CM भगवंत मान का कहना है, “एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। मोदी जी को पता होना चाहिए कि यह गुरुओं और भगत सिंह की धरती है। औरंगजेब भी इसे नहीं झुका पाया था, तो मोदी की चालें क्या झुकाएंगी।”

भगवंत मान करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

इसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान आज सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं, जिसमें इस छापेमारी को लेकर सरकार का पक्ष रखा जाएगा। विपक्ष (कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल) इस मामले पर पैनी नजर बनाए हुए है, जबकि आप कार्यकर्ता इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या बता रहे हैं। 



Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति