इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़ भाइयों ने शुरू किया ऐसा बिजनेस, आज शहर में 4 दुकानें

Last Updated:May 09, 2026, 18:14 IST

Greater Noida: कहते हैं कि मन में भरोसा और कुछ अलग करने का जज्बा हो तो सफलता की कहानी लिखी जा सकती है. कुछ ऐसी ही सफलता की कहानी लिखी ग्रेटर नोएडा के रोहित गिरि ने, जो आज नौकरी छोड़ खुद के बिजनेस से अपनी पहचान लिख रहे हैं. आइए उनकी सफलता की कहानी के बारे में जानते हैं.

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के रहने वाले रोहित गिरि ने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो नौकरी छोड़कर भी सफलता की नई कहानी लिखी जा सकती है. इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले रोहित ने करीब तीन साल तक नौकरी की, लेकिन उनके मन में हमेशा अपना खुद का कारोबार शुरू करने का सपना था. आखिरकार उन्होंने अपने भाइयों के साथ मिलकर वड़ा पाव का बिजनेस शुरू किया और आज उनके चार सफल आउटलेट चल रहे हैं, जहां 8 से 10 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है.

रोहित बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही वड़ा पाव खाना बेहद पसंद था. एक बार उन्होंने बाहर एक जगह वड़ा पाव खाया, जिसका स्वाद उन्हें इतना अच्छा लगा कि वह उसे भूल नहीं पाए. लेकिन जब वह अपने शहर ग्रेटर नोएडा लौटे तो उन्हें उसी तरह का स्वाद कहीं नहीं मिला. यही बात उनके दिमाग में लगातार चलती रही. उन्होंने सोचा कि अगर लोगों को बेहतर और अलग स्वाद वाला वड़ा पाव मिले तो यह जरूर पसंद किया जाएगा.

नौकरी छोड़ बिजनेस पर जताया भरोसा
उन्होंने बताया कि इसी सोच के साथ उन्होंने साल 2024 में अपने भाइयों के साथ मिलकर वड़ा पाव के कारोबार की शुरुआत की. शुरुआत आसान नहीं थी. उस समय रोहित नौकरी भी कर रहे थे और बिजनेस को पार्ट टाइम में संभालते थे. नौकरी खत्म होने के बाद वह अपने आउटलेट पर समय देते थे. धीरे-धीरे लोगों को उनका स्वाद पसंद आने लगा और ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी. आखिरी सैलरी करीब 45 हजार रुपये थी, लेकिन उन्होंने नौकरी की सुरक्षित जिंदगी छोड़कर बिजनेस को फुल टाइम देने का फैसला किया. उनका कहना है कि शुरुआत में परिवार और दोस्तों ने भी सवाल किए, लेकिन उन्हें अपने काम और स्वाद पर पूरा भरोसा था. यही भरोसा आज उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह बना.

4 भाई संभाल रहे बिजनेस
रोहित ने बताया कि उनका पहला आउटलेट यथार्थ हॉस्पिटल के पास शुरू हुआ. वहां से उन्हें अच्छा रिस्पॉन्स मिला तो उन्होंने अपना कारोबार बढ़ाना शुरू किया. आज उनके आउटलेट अल्फा-1, अल्फा-2 और पूर्वांचल रॉयल सिटी के पास भी संचालित हो रहे हैं. इन सभी आउटलेट्स को परिवार के सदस्य मिलकर संभालते हैं. वे कुल पांच भाई हैं. इनमें से एक भाई अभी भी इंजीनियरिंग की नौकरी कर रहा है, जबकि बाकी भाई मिलकर पूरे बिजनेस को संभालते हैं. कोई किचन का काम देखता है तो कोई ग्राहकों से जुड़ी जिम्मेदारी निभाता है. परिवार के सहयोग और मेहनत ने ही इस छोटे से कारोबार को तेजी से आगे बढ़ाया है.

धैर्य और नए आइडिया से बदली किस्मत
उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा सिर्फ नौकरी के पीछे भागते हैं, जबकि छोटे स्तर से शुरू किया गया बिजनेस भी बड़ा रूप ले सकता है. जरूरत सिर्फ मेहनत, धैर्य और नए आइडिया की होती है. रोहित का मानना है कि अगर किसी काम को पूरी ईमानदारी और लगन से किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है. आज उनका वड़ा पाव बिजनेस ना सिर्फ उन्हें अच्छी पहचान दे रहा है, बल्कि कई लोगों के लिए रोजगार का जरिया भी बन चुका है. 8 से 10 लोग उनके यहां काम कर रहे हैं. रोहित का सपना है कि आने वाले समय में वह अपने ब्रांड को और बड़े स्तर तक लेकर जाएं और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार दे सकें.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

News18 न्यूजलेटर

अब ईमेल पर इनसाइड स्‍टोर‍ीज

खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्‍स में

Location :

Greater Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति