1 तरफ जरीन, दूसरी ओर जीनत, संजय खान की जिंदगी जब बनी सुर्खियां

Last Updated:May 19, 2026, 08:37 IST

एक हीरो, दो बीवियां और बॉलीवुड का सबसे तड़का-भड़का ड्रामा… संजय खान अपनी पहली पत्नी जरीन खान के साथ खुशहाल जिंदगी जी रहे थे, तभी जीनत अमान आ गईं और पूरा सीन बदल गया. यह कहानी है प्यार की, सीक्रेट शादी, विश्वासघात और आखिर में हिंसा की. बॉलीवुड के इतिहास में संजय खान और जीनत अमान का नाम एक ऐसे विवादास्पद रिश्ते के तौर पर लिया जाता है, जिसने पूरे फिल्म इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया था.

नई दिल्ली. 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड की दुनिया सिर्फ फिल्मों और सितारों तक सीमित नहीं थी, बल्कि सितारों की निजी जिंदगी भी खूब सुर्खियां बटोरती थी. इन्हीं चर्चित कहानियों में एक नाम था संजय खान, जरीन खान और जीनत अमान का… उस दौर की ग्लैमरस एक्ट्रेस जीनत अमान और एक्टर संजय खान के रिश्ते ने पूरी इंडस्ट्री को हैरान कर दिया था, क्योंकि संजय पहले से शादीशुदा थे. कहा जाता है कि फिल्मों में साथ काम करते-करते दोनों करीब आए और फिर गुपचुप शादी की खबरों ने सनसनी मचा दी. लेकिन यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका और बाद में विवादों, आरोपों और एक दर्दनाक घटना ने इसे बॉलीवुड के सबसे चर्चित अध्यायों में शामिल कर दिया. एक तरफ पत्नी जरीन थीं, दूसरी ओर जीनत अमान और इसी वजह से संजय खान की निजी जिंदगी लंबे समय तक चर्चा का विषय बनी रही. एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें संजय खान जरीन और जीनत के साथ मुस्कुराते नजर आ रहे हैं. लेकिन ये मुस्कान हमेशा के लिए नहीं रही.

एक तरफ थे चार बच्चों के पिता और अपनी पत्नी जरीन कतरक के साथ रहने वाले संजय खान तो दूसरी तरफ थीं अपने जमाने की सबसे बोल्ड और खूबसूरत अदाकारा जीनत अमान. जीनत संग उनका रिश्ता लंबा नहीं चल सका, लेकिन सुर्खियों में खूब रहा. इसने बॉलीवुड में हिंसा, विवाद और विश्वासघात की एक ऐसी मिसाल कायम कर दी, जिसे भुलाया नहीं जा सकता.

बड़े पर्दे पर अपनी बोल्ड इमेज और बेबाक अंदाज से पहचान बनाने वाली जीनत का नाम कई सितारों के साथ जुड़ा, लेकिन एक्टर और निर्माता संजय खान के साथ उनका रिश्ता हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे विवादित कहानियों में गिना जाता है. यह रिश्ता जितना तेजी से परवान चढ़ा, उतनी ही तेजी से टूट भी गया. कहा जाता है कि जीनत अमान और संजय खान की नजदीकियां फिल्म ‘अब्दुल्ला’ और दूसरी फिल्मों की शूटिंग के दौरान बढ़ीं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

उस समय संजय खान पहले से जरीन कतरक के साथ शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे. इसके बावजूद दोनों के रिश्ते की खबरें फिल्मी गलियारों में चर्चा का विषय बनने लगीं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने साल 1978 में राजस्थान के जैसलमेर में गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी. हालांकि, इस रिश्ते को कभी खुलकर स्वीकार नहीं किया गया, लेकिन उस दौर की कई रिपोर्ट्स में इस शादी का जिक्र मिलता है.

उस दौर में जीनत अमान बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार थीं. ‘हरे रामा हरे कृष्णा’, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’, ‘डॉन’ और ‘कुर्बानी’ जैसी फिल्मों से उन्होंने अपनी अलग पहचान बना ली थी. वहीं, संजय खान भी फिल्मों और टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नाम थे. दोनों की जोड़ी को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में काफी चर्चा होती थी. जीनत को पता था कि संजय पहले से शादीशुदा हैं फिर भी प्यार में पड़ीं और गुपचुप शादी भी कर ली. खबर लीक होते ही बॉलीवुड में तहलका मच गया. जरीन इस धोखे से बुरी तरह टूट गईं.

लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका. साल 1979 में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे बॉलीवुड को हिला दिया. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मुंबई के एक होटल में दोनों के बीच जोरदार विवाद हुआ था. आरोप लगाए गए कि इस दौरान संजय खान ने जीनत अमान के साथ मारपीट की. कहा जाता है कि नशे में धुत्त संजय खान ने जीनत के बाल पकड़कर उन्हें बुरी तरह पीटा, उन्हें लात-घूसों से मारा और फिर उनके साथ मारपीट करते हुए उन्हें फर्श पर पटक दिया. जीनत का चेहरा सूज गया, नाक से खून बहा और बाईं आंख को गंभीर चोट लगी. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि ये सब जरीन कतरक की आंखों के सामने हुआ. इस घटना के बाद, दोनों के रिश्ते का अंत हो गया. कहा जाता है कि 24 नवंबर 1979 को इस शादी को खत्म कर दिया गया. यह घटना बॉलीवुड के लिए बहुत बड़ा झटका थी.

जीनत अमान ने सालों बाद भी अपने पुराने इंटरव्यू में सार्वजनिक रूप से हिंसा और अपमान का सामना करने की बात स्वीकार की थी. हालांकि, उन्होंने कई मौकों पर विस्तार से बात करने से परहेज किया. दूसरी तरफ संजय खान ने कुछ इंटरव्यू में इन आरोपों को अलग नजरिए से पेश किया और कहा कि उस दौर में कई बातें बढ़ा-चढ़ाकर लिखी गईं.
इस घटना के बाद दोनों का रिश्ता पूरी तरह खत्म हो गया.

जीनत अमान ने बाद में एक्टर मजहर खान से शादी की, जिनसे उनके दो बेटे हुए. हालांकि, उनकी दूसरी शादी भी ज्यादा सुखद नहीं रही. दूसरी ओर संजय खान अपनी पत्नी जरीन कतरक और परिवार के साथ रहे. जरीन ने भी पूरे मामले में चुप्पी साधी और परिवार के साथ खड़ी रहीं. उन्होंने कभी जीनत के खिलाफ सार्वजनिक बयान नहीं दिया. पिछले साल यानी 2025 में जरीन का निधन हो गया.

जीनत अमान की जिंदगी का यह अध्याय आज भी बॉलीवुड के सबसे चर्चित और दर्दनाक विवादों में गिना जाता है. उस दौर में घरेलू हिंसा और महिलाओं के सम्मान जैसे मुद्दों पर खुलकर बात नहीं होती थी, लेकिन जीनत अमान की कहानी ने इन मुद्दों को लेकर बहस जरूर छेड़ी. कई लोग इसे बॉलीवुड के ग्लैमर के पीछे छिपे कड़वे सच के तौर पर भी देखते हैं. आज जीनत अमान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और नई पीढ़ी के बीच भी उनकी लोकप्रियता बनी हुई है. अपने पोस्ट्स और इंटरव्यू के जरिए वह अकसर जिंदगी, रिश्तों और आत्मसम्मान को लेकर खुलकर राय रखती हैं. वहीं संजय खान भी अपने करियर और परिवार को लेकर चर्चा में रहते हैं.

जीनत अमान और संजय खान की कहानी सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं थी, बल्कि यह उस दौर के बॉलीवुड, स्टारडम, रिश्तों और विवादों की ऐसी दास्तान बन गई जिसे दशकों बाद भी याद किया जाता है. यह कहानी 1970 के दशक के बॉलीवुड की हकीकत दिखाती है. जहां पावर, ग्लैमर और पुरुष-प्रधान सोच महिलाओं के साथ कैसा सलूक कर सकता था. जीनत अमान जैसी स्टार भी इस चक्रव्यूह में फंस गईं. आज के समय में ऐसी घटनाओं पर सख्त कानून हैं, लेकिन उस दौर में कई बातें दबा दी जाती थीं.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति