वैभव सूर्यवंशी प्रैक्टिस के दौरान चोटिल, श्रीलंका ए के खिलाफ खेलना मुश्किल
Last Updated:June 14, 2026, 16:50 IST
Vaibhav Sooryavanshi Latest Injury Update: श्रीलंका ए के खिलाफ दाम्बुला में होने वाले अहम मुकाबले से पहले इंडिया ए को बड़ा झटका लग सकता है. विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो गए. जिसके कारण उनका इस मैच में खेलना संदिग्ध है. इस इंजरी के चलते आगामी आयरलैंड दौरे पर होने वाले उनके सीनियर टीम इंडिया के डेब्यू में भी देरी हो सकती है. उनकी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है.
वैभव सूर्यवंशी अभ्यास के दौरान बीच में ही मैदान छोड़कर चले गए.
नई दिल्ली. वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. श्रीलंका के दाम्बुला में खेली जा रही ट्राई-सीरीज के एक बेहद अहम मैच में इंडिया ए का सामना मेजबान श्रीलंका ए से होना है. लेकिन इस करो या मरो वाले मैच से ठीक पहले भारतीय खेमे से जो खबर आ रही है, उसने फैंस और टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है. शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले से बाहर बैठ सकते हैं. वैभव को प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोट लगी जिसके बाद उन्हें अभ्यास को बीच में छोड़ना पड़ा.
‘रेवस्पोर्ट्ज’ सोशल मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दाम्बुला के रंगीरी इंटरनेशनल स्टेडियम में अभ्यास सत्र के दौरान वैभव सूर्यवंशी को बल्लेबाजी करते समय अचानक असहजता महसूस हुई. दर्द और तकलीफ इतनी बढ़ गई कि इस युवा खब्बू बल्लेबाज को नेट प्रैक्टिस को बीच में ही छोड़कर मैदान से बाहर जाना पड़ा. हालांकि, अभी तक टीम मैनेजमेंट या मेडिकल स्टाफ की तरफ से उनकी चोट की गंभीरता को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो उनके इस अहम मैच में खेलने पर गहरा संशय बना हुआ है.
वैभव सूर्यवंशी अभ्यास के दौरान बीच में ही मैदान छोड़कर चले गए.
अफगानिस्तान ए के खिलाफ फॉर्म में लौटे थे वैभव
इस ट्राई-सीरीज में वैभव सूर्यवंशी की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी और वे कुछ सस्ते में आउट हुए थे. हालांकि, उन्होंने अफगानिस्तान ए के खिलाफ पिछले मैच में केवल 44 रनों की अपनी छोटी लेकिन आतिशी पारी से फॉर्म में वापसी के संकेत दे दिए थे. ऐसे में जब भारतीय टीम को मेजबान श्रीलंका के खिलाफ एक बड़ी जीत की दरकार है, वैभव का चोटिल होना टीम के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है.
आईपीएल 2026 में मचाई थी तबाही, तोड़े थे कई रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी इस साल आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए रातों-रात वैश्विक स्तर पर छा गए थे. उन्होंने इस सीजन में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से बड़े-बड़े गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी थीं. आईपीएल के इस सीजन में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्होंने कुल 5 बड़े अवॉर्ड्स अपने नाम किए थे, जिनमें प्रतिष्ठित ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP), इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुप्रीमो सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड शामिल था. उन्होंने इस साल आईपीएल में कुल 72 गगनचुंबी छक्के जड़कर वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल के साल 2012 के 59 छक्कों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को भी मलबे में तब्दील कर दिया. इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लगाया गया उनका एकमात्र शतक और दो बार 90 से अधिक के स्कोर पर आउट होना उनकी काबिलियत को दर्शाता है.
सीनियर भारतीय टीम में डेब्यू पर भी मंडराया खतरा?
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में मचाए गए इसी गदर की बदौलत सेलेक्टर्स ने उन्हें तुरंत प्रमोट करते हुए आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए सीनियर भारतीय टीम के स्क्वाड में शामिल किया है. भारतीय टीम के लिए उनका बहुप्रतीक्षित डेब्यू 26 जून से बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली सीरीज में होने की पूरी उम्मीद है. लेकिन दाम्बुला में नेट प्रैक्टिस के दौरान लगी यह नई चोट उनके सीनियर टीम के लिए डेब्यू में भी देरी करा सकती है. फैंस और चयनकर्ताओं की नजरें अब उनकी मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं क्योंकि इसके बाद भारत को इंग्लैंड के खिलाफ भी पांच मैचों की बड़ी टी20 सीरीज खेलनी है.
ट्राई-सीरीज में इंडिया ए की मौजूदा स्थिति
अगर मौजूदा ए-टीम ट्राई-सीरीज की बात करें, तो भारतीय टीम अंक तालिका में फिलहाल दूसरे स्थान पर काबिज है. टीम ने अब तक खेले गए दो मैचों में से एक में जीत दर्ज की है और एक में उसे हार का सामना करना पड़ा है. इंडिया ए ने पहले मैच में श्रीलंका ए के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की थी, लेकिन अफ़गानिस्तान ए के खिलाफ बारिश से प्रभावित अगले मुकाबले में टीम को डीएलएस नियम के तहत महज 4 रनों से करीबी हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने 349 रनों का विशाल स्कोर लुटा दिया था. दूसरी ओर, मेजबान श्रीलंका ए टीम बेहतर नेट रन-रेट (0.825) के आधार पर इस समय टेबल में टॉप पर बनी हुई है. ऐसे में फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को यह मैच हर हाल में जीतना होगा और वैभव का न होना टीम के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है.
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,Delhi











