वैभव की बैटिंग का हर कोई कायल, पूर्व कप्तान बोले- मेरी वाइफ भी उनके…
Last Updated:September 05, 2026, 17:05 IST
वैभव सूर्यवंशी इन दिनों दलीप ट्रॉफी में खेल रहे हैं. वह ईस्ट जोन के उपकप्तान हैं. उनकी टीम फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां साउथ जोन से खिताबी मुकाबला खेला जाएगा. सेमीफाइनल में वैभव ने दमदार बैटिंग करके टीम को फाइनल का टिकट दिलाने में अहम भूमिका निभाई. इस बीच पूर्व भारतीय कप्तान क्रिस श्रीकांत ने वैभव की जमकर तारीफ की है.
क्रिस श्रीकांत ने जमकर की वैभव सूर्यवंशी की तारीफ.
नई दिल्ली. महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी की चर्चा अब सिर्फ उनके रिकॉर्ड और रनों तक सीमित नहीं है. उनकी बल्लेबाजी का ऐसा क्रेज बन चुका है कि लोग उनके मैच देखने के लिए दलीप ट्रॉफी तक फॉलो कर रहे हैं. भारत के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज कृष्णमाचारी श्रीकांत भी इस युवा बल्लेबाज की प्रतिभा के कायल हैं. उन्होंने तो यहां तक कहा कि उनकी पत्नी भी वैभव की बल्लेबाजी देखने के लिए दलीप ट्रॉफी के मुकाबले देख रही हैं. श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर वैभव की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि अगर इस युवा बल्लेबाज को सही तरीके से तैयार किया गया और लगातार प्रोत्साहित किया गया, तो वह आने वाले समय में वर्ल्ड क्रिकेट का सुपरस्टार बन सकता है.
पूर्व भारतीय कप्तान का मानना है कि वैभव में तीनों फॉर्मेट में शीर्ष स्तर पर खेलने और दुनिया के क्रिकेट पर राज करने की क्षमता है. श्रीकांत ने कहा, “वह शानदार प्रदर्शन कर रहा है. उसे प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और कभी हतोत्साहित नहीं करना चाहिए. अगर उसे सही तरीके से तैयार किया गया, तो वह सुपरस्टार बनने की राह पर है. वह टेस्ट क्रिकेट को फिर उसकी खोई हुई चमक दिलाएगा. हर कोई उसकी वजह से दलीप ट्रॉफी देख रहा है. यहां तक कि मेरी पत्नी भी उसकी वजह से इसे देख रही हैं. वह आगे चलकर वर्ल्ड क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा एसेट होगा.”
सेमीफाइनल में गरजा वैभव का बल्ला
वैभव ने सिर्फ सफेद गेंद क्रिकेट में नहीं, बल्कि लाल गेंद क्रिकेट में भी जबरदस्त खेल दिखाया है. दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे, लेकिन सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की. पहली पारी में वैभव ने महज 81 गेंदों पर 92 रन की तूफानी पारी खेली. इसके बाद आखिरी पारी में भी उन्होंने 40 रनों की अहम पारी खेली और ईस्ट जोन को चार विकेट से जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
दलीप ट्रॉफी में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
वैभव ने दलीप ट्रॉफी के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने 57 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 15 साल और 157 दिन की उम्र में ये कारनामा किया. श्रीकांत का मानना है कि वैभव की क्षमता पर सवाल उठाने की कोई वजह नहीं है. उन्होंने कहा, “उसने अविश्वसनीय रूप से अच्छा खेला. कोई इस बात पर संदेह कैसे कर सकता है कि यह लड़का उच्च स्तर का क्रिकेट खेल सकता है या नहीं? वह हर स्तर पर खेल सकता है और जल्द ही सभी फॉर्मेट में वर्ल्ड क्रिकेट पर राज करने वाला है.”
रेड-बॉल क्रिकेट में भी दिखा विस्फोटक अंदाज
श्रीकांत ने खास तौर पर इस बात पर फोकस किया कि युवा बल्लेबाज रेड-बॉल क्रिकेट में भी मीडियम पेसरों के खिलाफ बिना किसी डर के बड़े शॉट लगा रहा है. उन्होंने कहा, “वह रेड-बॉल क्रिकेट में मीडियम पेसरों को बिना किसी परेशानी के सीधे छक्के मार रहा है. वह गेंदबाजों के साथ खिलवाड़ कर रहा है.” वैभव के इस टैलेंट को देखकर ही सिर्फ श्रीकांत नहीं, बल्कि कई पूर्व दिग्गज उन्हें वर्ल्ड क्रिकेट के भविष्य के बड़े सितारों में देख रहे हैं.
About the Author
परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 05, 2026, 17:05 IST










