Last Updated:September 05, 2026, 17:35 IST
भारत ने जूनियर पुरुष एशिया कप हॉकी में अपने खिताब बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत की. पूल ए के पहले मुकाबले में भारत ने इंडोनेशिया को 14-0 से रौंद डाला. भारत की इस बड़ी जीत में कप्तान अनमोल, प्रभदीप और अजीत का सबसे बड़ा योगदान रहा. इन तीनों ने मिलकर भारत के 14 में से 12 गोल किए. भारत इस टूर्नामेंट का पांच बार चैंपियन रह चुका है. इस जीत के साथ ही टीम ने यह भी साफ कर दिया कि वह इस बार भी खिताब का मजबूत दावेदार है.
भारत ने जूनियर एशिया कप में इंडोनेशिया को 14-0 से हराया.
नई दिल्ली. भारत ने पूल ए के अपने पहले मैच में इंडोनेशिया पर 14-0 की बड़ी जीत के साथ एएचएफ जूनियर पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में खिताब का बचाव करने के अपने अभियान की शानदार शुरुआत की. कप्तान अनमोल एक्का, प्रभदीप सिंह और अजीत यादव तीनों ने मिलकर 12 गोल किए जिससे पांच बार की चैंपियन टीम ने टूर्नामेंट पर जल्द अपना दबदबा कायम कर लिया.
प्रभदीप ने सर्वाधिक पांच गोल दागकर ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार हासिल किया. कप्तान अनमोल ने चार जबकि यादव ने तीन गोल किए. बाकी दो गोल हरपाल और आशु मौर्य ने किए. मैच शुरू होत ही भारत ने आक्रामक रवैया अपनाकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे. भारतीय खिलाड़ियों ने इंडोनेशिया के गोल पर लगातार हमले किए. इंडोनेशिया के खिलाड़ी पूरे मैच में संघर्ष करते हुए नजर आए.
प्रभदीप ने पांचवें मिनट में गोल करके भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई. हरपाल ने आठवें मिनट में बढ़त को दोगुना कर दिया. दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय फॉरवर्ड लाइन को लगातार मौके मिलते रहे. अनमोल ने मैच का अपना पहला गोल 16वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक से किया. इसके चार मिनट बाद यादव ने एक और गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया.
30वें मिनट में प्रभदीप ने पूरी की हैट्रिक
प्रभदीप ने 26वें और 30वें मिनट में गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को हाफ-टाइम तक 6-0 की शानदार बढ़त दिला दी. भारत ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा. अनमोल ने 35वें और 42वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपने खाते में दो और गोल जोड़े. प्रभदीप ने तीसरे क्वार्टर के आखिर में एक और गोल किया, जिससे स्कोर 9-0 हो गया.
आखिरी क्वार्टर में दागे 5 गोल
भारत ने मैच के अंतिम क्वार्टर में पांच और गोल दागे. अनमोल ने 51वें मिनट में अपना चौथा गोल किया. इसके एक मिनट बाद ही प्रभदीप ने अपना पांचवां गोल दागा. यादव ने 53वें मिनट में दो गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत ने 13-0 की बढ़त बना ली. मौर्य ने 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित की.
About the Author
परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 05, 2026, 17:35 IST










