Last Updated:July 19, 2026, 15:23 IST
बॉलीवुड एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्रि ने सोशल मीडिया पर नागिन लुक में अपना एक धमाकेदार डांस वीडियो शेयर किया है, जहां वह अपनी फिल्म ‘नाचे नागिन गली गली’ के गाने पर जबरदस्त मूव्स दिखाकर फैंस की पुरानी यादें ताजा कर रही हैं.
नई दिल्ली: 80 और 90 के दशक का वो दौर भला कौन भूल सकता है, जब सिनेमाघरों में ‘इच्छाधारी नागिन’ की कहानियां दर्शकों के सिर चढ़कर बोलती थीं. उस दौर की बेहतरीन और खूबसूरत एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्रि ने एक बार फिर उन्हीं सुनहरे दिनों की यादें ताजा कर दी हैं. भले ही मीनाक्षी आज बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए वह अपने फैंस के दिलों के बेहद करीब रहती हैं.
हाल ही में उन्होंने अपने नागिन वाले दौर को याद करते हुए एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने फैंस को पुरानी यादों के सफर पर भेज दिया है.
आइकॉनिक गाने पर थिरकीं मीनाक्षी
मीनाक्षी शेषाद्रि ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद प्यारा वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में वह नागिन वाले लुक में नजर आ रही हैं और अपनी मशहूर फिल्म ‘नाचे नागिन गली गली’ के टाइटल ट्रैक पर शानदार डांस मूव्स दिखा रही हैं. उनका यह अंदाज देखकर फैंस की पुरानी यादें एक बार फिर ताजा हो गई हैं.
रीना रॉय और श्रीदेवी का किया जिक्र
इस खूबसूरत वीडियो के साथ मीनाक्षी ने एक दिल छू लेने वाली बात भी लिखी है. उन्होंने बीते जमाने की दो बड़ी एक्ट्रेसेस का जिक्र करते हुए लिखा कि 70 के दशक में रीना रॉय की फिल्म ‘नागिन’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था. इसके बाद 80 के दशक में श्रीदेवी की ‘नगीना’ ने इतिहास रच दिया. मीनाक्षी ने बताया कि उन्होंने भी इसी थीम पर बनी फिल्म ‘नाचे नागिन गली गली’ में काम किया था, इसीलिए उन्होंने इस आइकॉनिक गाने को फिर से रिक्रिएट करने का मन बनाया.
View this post on Instagram
लोककथाओं और नागिन फिल्मों का खास कनेक्शन
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए मीनाक्षी ने लिखा कि रूप बदलने वाले नाग-नागिन की कहानियां हमेशा से हमारी लोककथाओं का एक बड़ा हिस्सा रही हैं. यही वजह है कि जब भी ऐसी कहानियां बड़े पर्दे पर आईं, तो उन्हें शहरों से लेकर गांवों तक के दर्शकों ने खूब पसंद किया. ये कहानियां लोगों के विश्वास और उनकी कल्पनाओं से जुड़ी होती हैं, इसीलिए दशकों बाद भी ये फिल्में लोगों के दिलों में एक खास जगह रखती हैं.
नीतीश भारद्वाज संग जमी थी जोड़ी
साल 1989 में आई फिल्म ‘नाचे नागिन गली गली’ में मीनाक्षी शेषाद्रि के साथ मशहूर एक्टर नीतीश भारद्वाज लीड रोल में थे. मोहनजी प्रसाद के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सत्येंद्र कपूर, सदाशिव अमरापुरकर और सुहास जोशी जैसे मंझे हुए कलाकारों ने काम किया था. उस दौर में खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में इस फिल्म और इसके गानों को बहुत ज्यादा पसंद किया गया था.
About the Author
गार्गी द्विवेदीSub Editor
मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. News18 App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं.
इससे पहले मैंने, दैनिक …
और पढ़ें
Source











