मेरा कोई लेना-देना नहीं… पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल पर हेसन ने तोड़ी चुप्पी
Last Updated:September 05, 2026, 07:04 IST
इंग्लैंड दौरे पर गई पाकिस्तान टीम में चल रहे उथल-पुथल पर अंतरिम टेस्ट कोच माइक हेसन ने पहली बार पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. माइक हेसन ने इस पूरे मामले से साफ तौर पर खुद को अलग बताया. उन्होंने कहा कि टीम में जिन सीनियर खिलाड़ियों को बर्खास्त किया गया उसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच माइक हेसन
नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट में चल रहे बवाल के बीच अब अंतरिम मुख्य कोच माइक हेसन ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. माइक हेसन ने शुक्रवार को कहा कि मोहम्मद रिजवान, सलमान आगा और इमाम-उल-हक जैसे सीनियर खिलाड़ियों को टेस्ट टीम से बाहर करने के फैसले से उनका कोई लेना देना नहीं है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच में बड़ी हार के बाद यह फैसला किया था.
पहले टेस्ट में पाकिस्तान को पारी से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद दूसरे टेस्ट में उसे 194 रन से करारी हार मिली. इसके बाद सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया और मुख्य कोच सरफराज अहमद को बर्खास्त कर दिया गया. पाकिस्तान के लिमिटेड ओवरों की टीम के मुख्य कोच हेसन को इसके बाद नौ सितंबर से बर्मिंघम में शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट के लिए मुख्य कोच की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा गया.
मेरे आने से पहले टीम में हो चुका था बवाल- माइक हेसन
हेसन ने बर्मिंघम में एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘जब उन्होंने (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) मुझे अंतिम टेस्ट मैच के लिए जिम्मेदारी सौंपी तो इन तीनों खिलाड़ियों (रिजवान, आगा और इमाम) को पहले ही टीम से बाहर कर दिया गया था. इसलिए वास्तव में मुझे कुछ भी पता नहीं है कि असल में क्या हुआ था.’’
उन्होंने कहा, ‘‘लाहौर में हमारा पहले से ही सीमित ओवरों की टीम का शिविर चल रहा था. मैं जापान से लौटा ही था जहां एशियाई खेल होंगे. इसके बाद मुझे टेस्ट टीम का मैनेज करने के लिए कहा गया.’’ हेसन ने कहा, ‘‘मैंने टीम में संतुलन लाने के लिए कुछ बदलाव करने का फैसला किया है और मैं ऐसा गेंदबाजी आक्रमण चाहता हूं जिसमें विविधता हो और जिसमें कुछ ऑलराउंडर हों.’’ ऐसे में देखना ये होगा कि माइक हेसन इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में किस तरह की टीम को मैदान पर उतारते हैं.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
September 05, 2026, 07:04 IST










