Last Updated:August 25, 2026, 10:55 IST
Sugar Price Post Viral : सोशल मीडिया पर ‘चाय खतरे में है, मित्र चीनी पहुंच गई है सत्तर’ लिखकर चीनी की बढ़ती कीमत पर व्यंग्य करना शाहगंज तहसील के लेखपाल अशोक कुमार यादव को भारी पड़ गया. पोस्ट वायरल होते ही उन्हें सस्पेंड कर दिया गया.
लेखपाल अशोक कुमार यादव निलंबित हुए.
जौनपुर : देश में चीनी के भाव जिस तरह से दौड़ रहे हैं उसे देखकर आम आदमी की सुबह की चाय से लेकर त्योहार की मिठाइयों तक का स्वाद फीका पड़ता नजर आ रहा है. पिछले एक महीने में चीनी का रेट कई जगह 75 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. इसी महंगाई को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक लेखपाल को भारी पड़ गया. दरअसल, जौनपुर के शाहगंज तहसील में तैनात लेखपाल अशोक कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा ‘चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर’. बस फिर क्या था चीनी का तो नहीं पता उनकी नौकरी खतरे में पड़ गई. उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया.
पोस्ट वायरल होते ही हड़कंप
बताया जा रहा है कि लेखपाल अशोक कुमार यादव ग्राम बारा में हल्का इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने रविवार को अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट करते हुए चीनी महंगी होने पर निशाना साधा था. उन्होंने लिखा- ‘चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर’. उन्हें क्या पता था कि उनका पोस्ट वायरल हो जाएगा. जैसे ही पोस्ट वायरल हुआ तहसील से लेकर जिला प्रशासन तक के अफसर हरकत में आ गए.
यह है तर्क
अधिकारियों ने इस पोस्ट को आचरण नियमों का घोर उल्लंघन मान लिया. साथ ही निलंबित करने का लेटर जारी कर दिया. तर्क दिया कि सरकारी सेवा में रहते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों को सोशल मीडिया पर इस तरह के पोस्ट से बचना चाहिए. इससे विभाग की छवि को धक्का लग सकता है. विवाद भी खड़ा हो सकता है.
इस निलंबन के लिए जो आदेश पत्र जारी हुआ वो भी थोड़ी ही देर में कई मोबाइल फोन में पहुंच गया. हालांकि निलंबन मामले में अभी प्रशासन की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है. जबकि कार्रवाई के पीछे महंगाई को लेकर किया गया पोस्ट ही मुख्य कारण बताया गया है. मगर, सवाल उठता है कि क्या वाकई में किसी मुद्दे पर अपनी बात रखना गलत है?
About the Author
काव्या मिश्राSenior Sub Editor
Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …
और पढ़ेंLocation :
Jaunpur,Uttar Pradesh
First Published :
August 25, 2026, 10:55 IST










