Last Updated:May 09, 2026, 16:31 IST
Banda News: यूपी के बांदा जिले में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए सरकार बड़ा निवेश करने वाली है. इससे आम जनता को बिजली समस्या से राहत मिलेगी और औद्योगिक क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलेगा. आइए इस परियोजना से जुड़ी सारी जानकारी जानते हैं.
बांदा में बनेंगे 5 सोलर पार्क
बांदा: बुंदेलखंड का बांदा जिला अब विकास के क्षेत्र में नया अध्याय लिखने वाला है. दरअसल बांदा में अब ऊर्जा के क्षेत्र में बड़े बदलाव होने वाले हैं, जिससे लंबे समय से बिजली संकट की चुनौती झेल रहे लोगों को राहत मिलेगी. यहां ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए सरकार बड़ा निवेश करने वाली है. इससे आम जनता को बिजली समस्या से राहत मिलेगी और औद्योगिक क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलेगा.
बता दें कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए समझौते के तहत बांदा में पांच नए सोलर पार्क स्थापित किए जा रहे हैं, जिसकी कुल लागत 2800 करोड़ रुपए बताई गई है. इससे जिले में बिजली उत्पादन क्षमता में इजाफा होगा और आम जनता को बिजली की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा. वहीं गैस आधारित एनर्जी पावर की तैयारी चल रही है, जिससे ग्रीन एनर्जी के रूप में बांदा को एक अलग पहचान मिलेगी.
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू
उद्योग विभाग के अनुसार, इस परियोजना में 57 निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई थी, जिसमें पांच प्रमुख उद्यमियों ने सौर ऊर्जा के लिए अपने प्रोजेक्ट की शुरुआत कर दी है. इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. वहीं मार्ग में आने वाले पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों से बातचीत जारी है. उनका कहना है कि सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा.
बढ़ेगी 240 मेगावाट अतिरिक्त बिजली
बता दें कि अभी बांदा जिले में दो सोलर पार्क संचालित हैं, जिनसे करीब 75 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है, लेकिन इस नई परियोजना के शुरुआत से लगभग 240 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने की उम्मीद लगाई जा रही है. नरैनी तहसील के गुढ़ा क्षेत्र में रिमझिम इस्पात प्लांट की ओर से 45 मेगावाट क्षमता का सोलर पार्क स्थापित किया जा रहा है. वहीं आलोना क्षेत्र में अबाडा परियोजना के तहत भी सोलर प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है. इसके साथ ही इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) बांदा और चित्रकूट में गैस प्लांट लगाने की योजना पर काम कर रही है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Banda,Uttar Pradesh











