VD Satheesan Oath Ceremony: कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की नई सरकार के गठन के साथ ये ऐतिहासिक मौका रहा, जब पूरी कैबिनेट ने एक साथ शपथ ली। शपथ लेने के बाद वीडी सतीशन और राहुल गांधी गले मिले।
वीडी सतीसन और राहुल गांधी गले मिले
सतीसन के केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद वीडी सतीसन और लोकसभा नेता राहुल गांधी गले मिले। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने केरलम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद वीडी सतीसन को बधाई दी।
वीडी सतीशन बने केरल के मुख्यमंत्री
केरल में अब सतीशन युग की शुरुआत हो गई है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की बंपर जीत के बाद वी डी सतीशन ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें मलयालम भाषा में शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्य में पिछले 10 साल से चला आ रहा वामपंथी शासन आधिकारिक रूप से खत्म हो गया है।
सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के बड़े नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल हुए। इसके अलावा कर्नाटक के सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के सुखविंदर सिंह सुक्खू भी समारोह में मौजूद रहे। वहीं वरिष्ठ नेता चेन्निथला भी शपथ ग्रहण समारोह में नजर आए। इस दौरान राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन मंच पर दिखे।
सतीशन के साथ 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने शपथ ली। इससे पहले सतीशन ने घोषणा की थी कि कांग्रेस के सीनियर नेता तिरुवंचूर राधाकृष्णन असेंबली के स्पीकर होंगे। वहीं शनिमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाया गया है। इसके अलावा अपू जॉन जोसेफ को सरकार का चीफ व्हिप बनाया गया है। सतीशन ने यह भी कहा है कि कैबिनेट बनाने में महिलाओं और अनुसूचित जातियों के प्रतिनिधित्व का खास ध्यान रखा गया है।











