Last Updated:July 02, 2026, 16:53 IST
Viral Video, IPS Story: औरैया एसपी की कुर्सी पर बैठकर रील बनाने वाली रिटायर्ड दरोगा की बहू का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. इस मामले में सबसे ज्यादा सुर्खियों में आए एसपी आईपीएस अभिषेक भारती जिन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला संभाला, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अभिषेक भारती वही आईपीएस हैं जिन्होंने लाखों रुपये सालाना पैकेज वाली इंजीनियर की नौकरी छोड़कर पुलिस सेवा चुनी.यूपीएससी पास किया और बाद में अतीक अहमद व मुख्तार अंसारी जैसे माफिया गिरोहों पर बड़ी कार्रवाई कर अपनी अलग पहचान बनाई…
ख़बरें फटाफट
IPS Abhishek Bharti,Abhishek Bharti IPS Biography, Viral video: आईपीएस अभिषेक भारती कौन हैं?
Viral Video, IPS Story: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में हाल ही में एक अनोखा और विवादास्पद मामला सामने आया है. रिटायर्ड दरोगा की बहू एसपी ऑफिस के ऑडिटोरियम में एसपी साहब की कुर्सी पर बैठकर गोल-गोल घूमते हुए रील बना रही थी. यह वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया,लेकिन एसपी अभिषेक भारती ने तुरंत एक्शन लिया और मामला शांत हो गया. आइए जानते हैं कि आखिर यह IPS अधिकारी कौन हैं? जिन्होंने इंजीनियर की अच्छी नौकरी छोड़कर पुलिस सेवा चुना…
कौन हैं एसपी अभिषेक भारती?
अभिषेक भारती यूपी पुलिस में एक चर्चित और सख्त IPS अधिकारी हैं. उनका जन्म 18 अप्रैल 1992 को हुआ. वे 2018 बैच के IPS अफसर हैं. उनका घर मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर गांव में है.पिता अनिल कुमार यूपी पॉवर कार्पोरेशन लिमिटेड (UP Power Corporation Limited)में एक्सईएन थे. मां कुसुमलता घर संभालती हैं.अभिषेक शुरू से ही पढ़ाई में बहुत अच्छे थे. उन्होंने मेरठ के दयावती मोदी एकेडमी से हाईस्कूल और इंटर किया. फिर 2010 में IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.Tech की डिग्री हासिल की.
अच्छी जॉब छोड़कर UPSC की तैयारी
B.Tech पूरी होने के बाद उन्हें कोल इंडिया लिमिटेड (Coal India Limited)में अच्छी नौकरी मिल गई जहां सालाना पैकेज 12 लाख रुपये था. बाद में उन्हें एक अमेरिकी कंपनी में बिजनेस एनालिस्ट के रूप में 1 लाख रुपये मासिक सैलरी वाली जॉब भी मिली, लेकिन उनका मन इन नौकरियों में नहीं लगा.एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि पहले उनका सपना IIT से पढ़कर इंजीनियर बनना था लेकिन बाद में लगा कि लोगों की सेवा करनी है इसलिए उन्होंने दोनों नौकरियां छोड़ दीं और दिल्ली आकर UPSC की तैयारी शुरू कर दी. परिवार का पूरा सहयोग मिला. तीसरे प्रयास में उन्होंने UPSC क्रैक किया और 2018 बैच में IPS बन गए.
कई बड़े माफिया गैंग्स पर कसा शिकंजा
अभिषेक भारती ने अपनी सेवा के दौरान कई बड़े माफिया गैंग्स पर शिकंजा कसा है. प्रयागराज में उन्होंने माफिया अतीक अहमद गैंग की 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की. गाजीपुर में SP रहते हुए माफिया मुख्तार गैंग की कमर तोड़ दी.उन्होंने ड्रग्स तस्करी पर भी बड़ी कार्रवाई की. गाजीपुर में अफीम की फैक्ट्री पकड़ी और कई तस्करों को जेल भेजा. प्रयागराज में एक गैंगरेप और डकैती के मामले में मात्र 48 घंटे में गैंग को पकड़ा और अपराधियों के पैर में दौड़ाकर गोली मारी.
इसके अलावा प्रयागराज में महाकुंभ 2025 की व्यवस्था संभालने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई. हाल ही में वायुसेना कैंपस में हुई एक इंजीनियर की हत्या का मामला भी उन्होंने सॉल्व किया.वे डीजी कमांडेशन डिस्क सिल्वर (DG Commendation Disc,Silver) और महाकुंभ सेवा मेडल से सम्मानित हैं.अभिषेक भारती ने दिसंबर 2021 में सुपर्णा कटारिया से शादी की. उनकी पत्नी एक्सिस बैंक में मैनेजर के पद पर काम करती हैं. परिवार ने हमेशा उनका पुलिस सेवा में पूरा साथ दिया.
औरैया में क्या हुआ था?
30 जून को औरैया एसपी ऑफिस के ऑडिटोरियम में रिटायर्ड पुलिसकर्मियों का विदाई समारोह आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में दिबियापुर के उपनिरीक्षक (एसआई) नेम सिंह का भी विदाई समारोह था. उनके परिवार के सदस्य भी वहां शामिल हुए थे.कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब ऑडिटोरियम खाली हो गया तब नेम सिंह की बहू सोनी चौधरी ने वहां रखी एसपी की कुर्सी पर बैठकर एक रील बना ली. वीडियो में वह कुर्सी पर बैठकर गोल-गोल घूम रही थी. इसके बाद उसने इस रील को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया.बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे यह वीडियो वायरल हो गया. लोग इसे शेयर करने लगे और काफी विवाद खड़ा हो गया.
एसपी अभिषेक भारती ने लिया तुरंत एक्शन
जैसे ही वीडियो वायरल होने की खबर एसपी अभिषेक भारती को लगी उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दे दिए. इसके बाद बहू सोनी चौधरी और उनके ससुर नेम सिंह दोनों ने अपनी गलती मान ली. सोनी चौधरी ने माफी मांगते हुए एक वीडियो जारी किया और अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया.
बहू सोनी चौधरी ने माफी कैसे मांगी
सोनी चौधरी ने हाथ जोड़कर कहा कि वह अपने ससुर के रिटायरमेंट समारोह में शामिल होने गई थी. कार्यक्रम खत्म होने के बाद कॉन्फ्रेंस रूम में रखी कुर्सी पर बैठकर उसने रील बना ली. बाद में उसे अपनी गलती का अहसास हुआ. पापा (ससुर) के कहने पर उसने रील तुरंत डिलीट कर दी. उसने आगे कहा कि आगे से ऐसी गलती नहीं होगी.मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था. मैं इस कृत्य के लिए तहे दिल से क्षमा मांगती हूं. मुझसे बहुत बड़ी गलती हुई है.नेम सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में उनके परिवार वाले भी आए थे.कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बहू ने रील बना ली. जैसे ही उन्हें पता चला उन्होंने तुरंत वह रील डिलीट करा दी.एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि बहू ने माफी मांग ली और भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत देने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया.सोनी चौधरी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 16 हजार फॉलोअर्स थे.
इस घटना से क्या मिली सीख?
यह घटना दिखाती है कि सरकारी जगहों पर अनुशासन कितना जरूरी है. एसपी अभिषेक भारती जैसे अधिकारी जो इंजीनियरिंग की अच्छी जॉब छोड़कर देश सेवा के लिए खाकी वर्दी पहनते हैं.ऐसे मामलों में सख्ती बरतते हैं. बहू सोनी चौधरी ने गलती मानकर माफी मांग ली इसलिए आगे कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई लेकिन यह घटना सबके लिए सबक है कि किसी भी सरकारी कुर्सी को रील बनाने की जगह नहीं समझना चाहिए.
About the Author
Dhiraj Raiअसिस्टेंट एडिटर
न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. न्यूज 18 में एजुकेशन, करियर, सक्सेस स्टोरी पर काम करते हैं. करीब 16 साल से अधिक मीडिया में सक्रिय है. दै…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में










