कप्तान समेत 7 खिलाड़ियों की वापसी, AUS से वनडे सीरीज के लिए SA टीम का ऐलान
Last Updated:September 07, 2026, 18:35 IST
south africa vs australia odi series: 24 सितंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. वनडे टीम में कप्तान तेम्बा बावुमा समेत सात खिलाड़ियों की वापसी हुई. इनमें से 5 को नामीबिया के खिलाफ पिछली सीरीज में रेस्ट दिया गया था, जबकि तेज गेंदबाज 2023 के बाद पहली बार वनडे टीम में लौटे हैं.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका की वनडे टीम का ऐलान.
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका ने अपनी मजबूत टीम का ऐलान कर दिया है. 24 सितंबर से शुरू होने वाली सीरीज के लिए 16 सदस्यीय स्क्वॉड में कप्तान तेम्बा बावुमा समेत सात खिलाड़ियों की वापसी हुई है. तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद पहली बार वनडे टीम में लौटे हैं. अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को देखते हुए यह सीरीज प्रोटियाज टीम के लिए बेहद अहम है. ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज के लिए अपनी टीम का पहला ही ऐलान कर दिया है.
कप्तान बावुमा की वापसी
तेम्बा बावुमा ने आखिरी बार दिसंबर 2025 में भारत के खिलाफ वनडे मुकाबला खेला था. इसके बाद अब वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में टीम की अगुआई करते नजर आएंगे. उनके साथ क्विंटन डिकॉक, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, लुंगी एनगिडी, कॉर्बिन बॉश और एडेन मार्करम जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी टीम में जगह मिली है. इनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों को नामीबिया के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में आराम दिया गया था. अब ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उन्हें मैदान पर उतरने का मौका मिलेगा.
2023 वर्ल्ड कप के बाद पहली बार लौटे कोएत्जी
तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी की वापसी भी इस टीम के लिए अच्छी खबरों में से एक है. वह 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका की वनडे टीम में शामिल किए गए हैं. उनकी वापसी से टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है. कोएत्जी के अलावा ओटनील बार्टमैन, लुंगी एनगिडी, क्वेना मफाका और मार्को यानसेन जैसे तेज गेंदबाज भी टीम का हिस्सा हैं.
मार्करम सिर्फ दूसरे और तीसरे वनडे के लिए उपलब्ध
ऑलराउंडर एडेन मार्करम को भी टीम में शामिल किया गया है, लेकिन वह सीरीज के शुरुआती मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. मार्करम दूसरे और तीसरे वनडे में टीम का हिस्सा बनेंगे. उनकी मौजूदगी से साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजी क्रम के साथ-साथ गेंदबाजी विकल्पों को भी मजबूती मिलेगी. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह वनडे सीरीज साउथ अफ्रीका के लिए सिर्फ एक घरेलू द्विपक्षीय सीरीज नहीं है. अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट के लिए खिलाड़ियों के संयोजन और बेंच स्ट्रेंथ को परखने का यह अहम मौका होगा. साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में अगले साल वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में टीम का प्रदर्शन और खिलाड़ियों की फॉर्म प्रोटियाज टीम की तैयारियों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होगी.
साउथ अफ्रीका की 16 सदस्यीय वनडे टीम
तेम्बा बावुमा (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, गेराल्ड कोएत्जी, क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोरजी, ब्योर्न फोर्टुइन, मार्को यानसेन, केशव महाराज, क्वेना मफाका, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, रयान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स.
About the Author
परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 07, 2026, 18:35 IST











