उन्नाव में हाईटेंशन लाइन के पोल से लटका मिला युवक का शव
उन्नाव में युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में हाईटेंशन लाइन के पोल से लटकता शव मिला है. 8 मई को अंकित घर से लखनऊ दवा लेने के लिए निकला था. अजगैन कोतवाली क्षेत्र के मकूर गांव के पास मिला शव. पुलिस ने पीएम के लिए भेजा. युवक हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के उलरापुर गांव का रहने वाला था.
लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा के नेता को मारी गोली
लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा के नेता चेतन को गोली मार दी गई है. चेतन की कमर पर दो गोलियां लगी हैं. ट्रामा सेंटर में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता नेता मौजूद हैं.
आपसी रंजिश का मामला बताया जा रहा है.
चारबाग स्टेशन पर पल्लवी पटेल का जोरदार प्रदर्शन, FIR दर्ज
लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर अपना दल कमेरावादी नेता पल्लवी पटेल का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला है. सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ट्रेन के इंजन पर चढ़ गईं. करीब 2 हजार कार्यकर्ताओं संग स्टेशन पहुंचीं पल्लवी पटेल. पुलिस बैरिकेडिंग से नाराज कार्यकर्ता स्टेशन की ओर दौड़े. विधानसभा कूच से पहले चारबाग पर मचा हंगामा. सभी UGC सिक्योरिटी रेगुलेशन लागू करने की मांग कर रहे हैं. पल्लवी ने कहा कि 3 महीने से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया. सरकार और न्यायपालिका से जवाब मांगने आए हैं. इस मामले में चारबाग आरपीएफ ने एफआईआर दर्ज कराई है.
अयोध्या में किशोरी के साथ गैंगरेप
अयोध्या में 10 वर्षीय किशोरी के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई है. गांव के ही दो युवकों पर आरोप लगा है. पुलिस दो संदिग्ध युवकों को कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है. मामला थाना पूराकलंदर क्षेत्र का है.
9 घंटे की मेहनत रंग लाई! बुलंदशहर पुलिस ने सकुशल ढूंढ निकाले लापता दो मासूम
बुलंदशहर के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर लापता हुए 9 वर्षीय दिव्यांश और 7 वर्षीय निशांत को पुलिस ने महज 9 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. बच्चों के अचानक गायब होने से परिवार में हाहाकार मच गया था और मां का रो-रोकर बुरा हाल था. सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया. लगातार तलाश और पुलिस टीम की कड़ी मेहनत के बाद दोनों मासूम सुरक्षित मिल गए. बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और बुलंदशहर पुलिस का आभार जताया.
प्रतापगढ़ में गैस सिलेंडर बना मौत का कारण! धमाके के बाद लगी आग, महिला की दर्दनाक मौत
प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना क्षेत्र के पूरे गड़ेरियान गांव में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया. तेज धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई, जिससे घर के एक हिस्से की दीवार तक उड़ गई. हादसे में आग की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ललितपुर में विशालकाय मगरमच्छ निकलने से हड़कंप
ललितपुर: जखौरा कस्बे में देर रात विशालकाय मगरमच्छ निकलने से हड़कंप मच गया. मगरमच्छ आबादी वाले इलाके में घरों के आसपास घूमता दिखाई दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को काबू में किया और वन विभाग को सूचना दी. सूचना पर सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित जलाशय में छोड़ दिया. बताया जा रहा है कि मगरमच्छ पास के तालाब या खेड़र नदी से निकलकर आबादी क्षेत्र में पहुंचा था. ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले भी कई बार मगरमच्छ गांव में दिखाई दे चुके हैं. मामला थाना जखौरा क्षेत्र के तालबेहट बाईपास रोड का है.
दालमंडी में गरजा बुलडोजर! 7 मशीनें एक साथ उतरीं, 45 मकान जमींदोज होने की तैयारी
वाराणसी के दालमंडी इलाके में आज बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला. सुबह से ही एक साथ सात बुलडोजर इलाके में पहुंचे, जहां करीब 45 मकानों को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई. अधिकारियों के मुताबिक यह आंकड़ा जल्द 100 के पार पहुंच सकता है. नगर निगम ने कई मकानों को जर्जर घोषित किया है, जबकि कई भवनों को PWD पहले ही खरीद चुका है. कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया. भारी संख्या में यूपी पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात हैं ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
कुशीनगर में मातम: ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबे 3 मासूम, 2 बच्चियों समेत तीन बच्चों की दर्दनाक मौत
कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र स्थित मैनपुर ग्रामसभा के दिनापट्टी में दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. पंकज ईंट उद्योग भट्ठे पर मजदूरी करने वाले परिवारों के तीन मासूम बच्चे खेलते-खेलते जलभराव वाले गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए और डूब गए. हादसे में 2.5 वर्षीय अनुष्का, 3 वर्षीय अभय पटेल और 7 वर्षीय अनन्या की मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चियां शामिल हैं. सभी बच्चे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-जांजगीर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. बच्चों की मौत के बाद परिवारों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
उन्नाव में सिलेंडर ठगी का नया खेल, एजेंसी कर्मी बनकर महिला को लगाया चूना
उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कंचननगर में सिलेंडर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शातिर ठग खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर घर पहुंचा और सिलेंडर में लीकेज होने की बात कहकर महिला को झांसे में ले लिया. आरोपी ने एजेंसी से नया सिलेंडर बदलकर देने का भरोसा दिलाया और एक नहीं बल्कि घर से दो सिलेंडर लेकर फरार हो गया. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बाइक पर नंबर छिपाकर और हेलमेट लगाकर पहुंचे ठग को लेकर गैस एजेंसी के नाम पर सक्रिय गिरोह की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
चंदौली में सपा का धरना खत्म, अधिकारियों के आश्वासन के बाद फिलहाल रुका बुलडोजर अभियान
चंदौली के पीडब्ल्यूडी ऑफिस में समाजवादी पार्टी का धरना देर रात अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया. पड़ाव से गोधना चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है. प्रशासन ने व्यापारियों के विस्थापन और मुआवजे का प्रस्ताव तैयार होने के बाद ही आगे कार्रवाई करने की बात कही है. अब तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 300 से ज्यादा दुकान और मकान हटाए जा चुके हैं. मामला मिनी महानगर कहे जाने वाले मुगलसराय क्षेत्र का है.
लव जिहाद और दुष्कर्म केस में डॉक्टर रमीज मलिक को झटका, कोर्ट ने कहा- गंभीर है अपराध
लखनऊ में अवैध धर्मांतरण और दुष्कर्म के आरोपी डॉक्टर रमीज मलिक की जमानत याचिका सेशन कोर्ट ने खारिज कर दी. अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी को राहत देने से इनकार कर दिया. केजीएमयू की एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर ने रमीज मलिक के खिलाफ केस दर्ज कराया था. आरोप है कि डॉक्टर ने धोखे और दबाव के जरिए धर्मांतरण व दुष्कर्म जैसी वारदात को अंजाम दिया. कोर्ट के फैसले के बाद मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है.
प्रयागराज में इरफान गद्दी हत्याकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार, अतीक गैंग कनेक्शन की जांच तेज
प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान उर्फ इरफान गद्दी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने वांछित आरोपी अरबाज खान को ससुर खदेरी नदी के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. अरबाज पर 8 अप्रैल को बिस्मिल्लाह चौराहे के पास हुई हत्या में शूटर के तौर पर शामिल होने का आरोप है. इस मामले में अब तक छह आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि 25-25 हजार के इनामी आसिफ दुर्रानी और नासिर जमाल अभी फरार हैं. पुलिस ने अतीक अहमद गैंग से जुड़े एंगल पर भी जांच तेज कर दी है.
RO-ARO भर्ती में OBC अभ्यर्थियों का दबदबा, 42% चयन के दम पर आयोग कोर्ट में रखेगा मजबूत पक्ष
RO-ARO भर्ती को लेकर चल रहे विवाद के बीच यूपी लोक सेवा आयोग ने बड़ा दावा किया है. आयोग के मुताबिक 419 चयनित अभ्यर्थियों में 176 OBC वर्ग से हैं, यानी करीब 42% प्रतिनिधित्व मिला है. आयोग का कहना है कि पूरी चयन प्रक्रिया आरक्षण नियमों और त्रिस्तरीय परीक्षा प्रणाली के तहत पारदर्शी तरीके से हुई. अब आयोग हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन से जुड़े समान मामलों और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के आधार पर कोर्ट में मजबूती से अपना पक्ष रखेगा. भर्ती के बाद एक दर्जन से ज्यादा अभ्यर्थी ज्वाइन भी कर चुके हैं. OBC युवाओं की बढ़ी भागीदारी अब चर्चा का बड़ा विषय बन गई है.
कोडीन कफ सिरप केस में आरोपियों को बड़ा झटका, कोर्ट ने अग्रिम जमानत अर्जी की खारिज
प्रयागराज में कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध बिक्री मामले में जिला कोर्ट ने दो आरोपियों सचिंद्र प्रताप सिंह और रविकर सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी. स्पेशल जज एनडीपीएस एक्ट पूनम त्रिवेदी ने एफआईआर, विवेचना रिपोर्ट और अन्य तथ्यों का अवलोकन करने के बाद कहा कि आरोपी जांच के दौरान फरार हैं और उनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू भी जारी है. अदालत ने माना कि जमानत मिलने पर आरोपी साक्ष्यों, गवाहों और बरामदगी को प्रभावित कर सकते हैं. नवाबगंज थाने में दर्ज इस मामले में मेसर्स आजाद मेडिकल एजेंसी के संचालक रविकर सिंह मुख्य आरोपी हैं.
नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 11 साल की सजा
प्रयागराज की पॉक्सो कोर्ट ने 11 साल की नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी दारा वर्मा को 11 वर्ष के कठोर कारावास और 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है. जुर्माना न भरने पर एक वर्ष अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा. कोर्ट ने पीड़िता को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का भी निर्देश दिया. वहीं, सहआरोपी पंकज कुमार और विजय बहादुर को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया. स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट विनोद कुमार चौरसिया की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फैसला सुनाया.
सड़क हादसे में पिता-बेटे की हुई मौत
इटावा जिले के चौबिया इलाके में कबूली गांव के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. बेकाबू बुलेरो ने बाइक सवार एक पिता-पुत्र को मौत के घाट उतार दिया. जबकि मां गंभीर रूप से घायल है. घायल महिला को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में कराया गया भर्ती. मैनपुरी के कुसमरा के रहने वाले इटावा शादी में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे. तब परिवार के साथ यह हादसा हुआ. इसमें आठ के मासूम और पिता दिनेश की हुई मौत.
आज आगरा में लगेगी लोक अदालत
आगरा में आज राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. दीवानी न्यायालय परिसर में लगने वाली इस लोक अदालत में बैंक ऋण, वाहन चालान, बिजली बिल और अन्य लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. प्रशासन ने 7.35 लाख से अधिक मामलों को निपटाने का लक्ष्य तय किया है.
तेंदुए के रिहायशी इलाकों में पहुंचने से लोग दहशत में
यूपी में एक बार फिर तेंदुए का खौफ बढ़ने लगा है. तेंदुए के रिहायशी इलाकों में पहुंचने से लोग दहशत में हैं. मुरादाबाद, पीलीभीत, कुशीनगर और मेरठ में इसकी बानगी दिखी. हमले में कई लोग घायल हुए. वन विभाग ने कड़ी मशक्कत से तेंदुओं को पकड़ा है.
कानपुर में सट्टे के कर्ज से परेशान होकर युवक ने होटल में फांसी लगाई
कानपुर में एक युवक ने सट्टे के कर्ज से परेशान होकर गुरुवार रात जान दे दी. युवक ने पहले होटल में कमरा बुक कराया और फिर उसी कमरे में पंखे से लटक कर सुसाइड किया. देर रात तक कमरे से कोई आवाज न आने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया. मृतक की पहचान रावतपुर थाना के मस्वानपुर सराय निवासी प्रशांत दीक्षित (27) के रूप में हुई. प्रशांत प्राइवेट नौकरी करते थे. परिवार में मां अर्चना दीक्षित, पत्नी अंशिका दीक्षित और डेढ़ साल की बेटी भाव्या हैं.
राजभर बोले- अखिलेश ममता को ढांढस बंधाने गए
यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की मुलाकात पर तंज कसा. उन्होंने कहा- हार के बाद ममता को एक बौखलाहट हुई. इसमें उन्होंने गलत फैसला लिया. संविधान को नहीं माना. इस्तीफा देने से इनकार कर दिया. राज्यपाल के पास विधानसभा भंग करने का अधिकार है. उन्होंने संविधान के आधार पर इसे भंग कर दिया. वे वहां ढांढस बंधाने गए थे कि आप तो सिर्फ एक बार हारी हैं, हम दो बार हारे हैं. आइए साथ मिलकर हारने की नई श्रृंखला बनाते हैं. जब बंगाल चुनाव के नतीजे आ रहे थे, तब तो 4 घंटे तक अखिलेश कुछ बोले नहीं, अब गए हैं वहां बात करने.
ताजमहल के पत्थर आंधी-बारिश में टूटकर गिर रहे; दीवारों में दरारें
आगरा में करीब 373 पुराना ताजमहल अब मौसम की मार बर्दाश्त नहीं कर पा रहा. आंधी-बारिश में इसके रॉयल गेट के पत्थर अब टूटकर गिरने लगे हैं. दरवाजे की दीवारों में कई जगह दरारें आ गई हैं. कुछ पत्थर अपनी जगह से खिसक चुके हैं. 2020 में रेलिंग गिरी थी. दरअसल, ये पत्थर मुगलकाल के हैं. पूर्व इंचार्ज बोले- अब ASI ठेकेदारों के भरोसे है, इसलिए यह बदहाली है.
हाईस्कूल की छात्रा को 70 हजार में बेचा, शादी कराई
कौशांबी की रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा को 70 हजार में बेच दिया गया. वह घर से नाराज होकर कानपुर चली गई थी. यहां रेलवे स्टेशन पर एक युवक उसे फुसला कर साथ ले गया. 4 दिन तक लड़की को अपने साथ रखा और रेप किया. इसके बाद अपने दोस्त के पास ले जाकर छोड़ दिया. युवक के दोस्त ने छात्रा से संबध बनाने के बाद उसे एक महिला को बेच दिया. लड़की के घर वालों की शिकायत पर एक महीने बाद पुलिस ने उसे बरामद किया था. आरोपी गुरुवार को लड़की का फोटो लेकर उसे ढूंढ रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शुक्रवार को घटना का खुलासा किया. पूरा मामला कोखराज थाना क्षेत्र का है.











