आजमगढ़ के मरीजों के लिए खुशखबरी, एंडोस्कोपी तकनीक से होगा बिना चीरे का ऑपरेशन

आजमगढ़: जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जल्द ही एक नई और आधुनिक सुविधा मिलने जा रही है. स्वास्थ्य विभाग जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है. इसी के अंतर्गत मंडलीय अस्पताल में पहली बार मरीजों के लिए दूरबीन विधि (एंडोस्कोपिक तकनीक) से ऑपरेशन की व्यवस्था भी उपलब्ध होने जा रही है. जरूरी उपकरणों और मशीनों के अभाव में अब तक यह सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती थी, जिसके कारण लोगों को वाराणसी और लखनऊ जैसे बड़े शहरों के चक्कर लगाने पड़ते थे. लेकिन अब यह सुविधा लोगों को उनके अपने जिले में ही उपलब्ध हो सकेगी.

एंडोस्कोपी तकनीक की शुरुआत

जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ मंडलीय अस्पताल में एंडोस्कोपी तकनीक की शुरुआत होने जा रही है और इससे नाक के ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू की जाएगी. अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा नाक, कान और गले (ईएनटी) के रोगों के उपचार के लिए अत्याधुनिक मशीनों की मदद से चिकित्सा और ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है.

मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों में नहीं लगाना होगा चक्कर

बता दें कि अब तक इस तरह के ऑपरेशन के लिए मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों में जाना पड़ता था, जहां उन्हें भारी-भरकम रकम चुकानी पड़ती थी. वहीं, जिला अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से लोगों को बेहद कम खर्च में यह व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी. साथ ही, आयुष्मान कार्ड धारकों को यह उपचार मुफ्त में उपलब्ध होगा.

बिना कोई बाहरी चीरा लगाए होगा इलाज

जिला अस्पताल में दूरबीन की मदद से नाक की हड्डी बढ़ने, मांस बढ़ने और नाक में सूजन जैसी बीमारियों के लिए अत्याधुनिक मशीनों से सर्जरी की व्यवस्था शुरू की जा रही है. इसके तहत मरीजों की बिना कोई बाहरी चीरा लगाए, नाक के रास्ते ही अत्याधुनिक दूरबीन तकनीक की मदद से सर्जरी की जाएगी. जिला अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी.

मुफ्त में होगा इलाज

वहीं, दूर-दराज के क्षेत्रों से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को भी अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी. बता दें कि निजी अस्पतालों में दूरबीन विधि से ऑपरेशन कराने का खर्च लगभग 50 हजार रुपये या उससे अधिक होता है, जबकि जिला अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को मुफ्त में इलाज मिल सकेगा.

इस विषय पर जानकारी देते हुए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सतीश चंद्र कनौजिया ने बताया कि आजमगढ़ जिला अस्पताल में जल्द ही एंडोस्कोपी तकनीक से मरीजों के इलाज की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी. इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है. मशीन उपलब्ध होते ही मरीजों को यह सुविधा मिलने लगेगी.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति