Raksha Bandhan Special Trains: उत्तर प्रदेश के आगरा में रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आगरा रेल मंडल ने बड़ी राहत दी है. रेलवे ने आगरा कैंट से होकर गुजरने वाली तीन जोड़ी रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है. अब इन ट्रेनों से आगरा, मथुरा, धौलपुर, ग्वालियर, झांसी और दिल्ली के बीच यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी.
बता दें कि पहली ट्रेन संख्या 01901/01902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 27 और 28 अगस्त को चलेगी. यह आगरा कैंट स्टेशन पर दोपहर 2:55 बजे पहुंचेगी और वापसी में रात 11:05 बजे आगरा कैंट आएगी. वहीं दूसरी ट्रेन 01903/01904 आगामी 26 से 30 अगस्त तक झांसी-दिल्ली के बीच संचालित होगी. झांसी से चलकर यह रात 11:10 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी, जबकि वापसी में सुबह 8:40 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी.
इसी तरह ट्रेन संख्या 01913/01914 खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 26, 28 और 30 अगस्त को चलेगी. यह ट्रेन रात करीब 2:35 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी. इन ट्रेनों में जनरल, स्लीपर और एसी कोच उपलब्ध रहेंगे. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन अतिरिक्त सेवाओं से त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंचाने में मदद मिलेगी.
स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, CCTV से होगी निगरानी
आगरा में रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आगरा रेल मंडल ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि नियमित ट्रेनों पर दबाव कम किया जा सके. वहीं, स्टेशनों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी. अधिकारियों द्वारा फोन पर दी गई जानकारी के अनुसार स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी.
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी, जिससे यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो. यात्रियों की मदद के लिए रेलवे कर्मचारी भी तैनात रहेंगे. प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. रेलवे का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है.
कई मेमू ट्रेनों के रूट में विस्तार, यात्रियों को मिलेगी राहत
बयाना-मथुरा मेमू अब अलवर तक चलेगी, जिसका विवरण इस प्रकार है: ट्रेन संख्या 69159 बयाना जंक्शन-मथुरा जंक्शन मेमू को अलवर तक बढ़ाया गया है. यह ट्रेन बयाना से चलकर मथुरा, भूतेश्वर, मोरा, राधाकुंड, गोवर्धन, डीग, बेढम, बृज नगर, झारेडा, गोविंदगढ़, जाड़ोली का बास, रामगढ़, ऊंटवाड़ और गाजिका होते हुए रात 11:45 बजे अलवर जंक्शन पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 19110 अलवर-कोटा मेमू के रूप में सेवा देगी.
कासगंज-मथुरा ट्रेन अब अछनेरा तक चलाई जाएगी. दरअसल ट्रेन संख्या 55339 कासगंज-मथुरा मेमू का विस्तार अछनेरा तक किया गया है. यह ट्रेन कासगंज से रात 9:25 बजे रवाना होकर रात 11:40 बजे मथुरा पहुंचेगी और आगे भैंसा व परखम होते हुए रात 1:00 बजे आगरा के अछनेरा स्टेशन पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 55340 अछनेरा-कासगंज के रूप में चलाई जाएगी.
कोटा-मथुरा मेमू अब डीग तक चलेगी. ट्रेन संख्या 19109 कोटा-मथुरा मेमू को डीग तक बढ़ाया गया है. यह ट्रेन कोटा से दोपहर 3:55 बजे रवाना होकर बयाना और मथुरा होते हुए रात 2:00 बजे डीग पहुंचेगी. वापसी में यह 69160 डीग-बयाना मेमू के रूप में चलेगी. रेल प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि इन ट्रेनों के विस्तार से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी और ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.











