OMG 2 के क्रेडिट विवाद पर भड़के डायरेक्टर, परेश रावल के दावे को किया खारिज

नई दिल्ली. बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर परेश रावल का एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है. उन्होंने हाल ही में दावा किया कि अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी की ‘ओह माय गॉड 2’ फिल्म का आइडिया उनका था, लेकिन उन्हें इसका क्रेडिट नहीं दिया गया. अब इस मामले पर फिल्म के डायरेक्टर अमित राय ने जमकर भड़ास निकाली है. उन्होंने सवाल उठाया कि परेश रावल यह दावा आखिर किस आधार पर कर रहे हैं. इसके साथ ही डायरेक्टर ने खुलासा किया कि उन्होंने फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी है.

हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में अमित राय ने कहा, ‘वह (परेश रावल) किस फैक्ट के आधार पर यह कह रहे हैं? पहले उन्हें इसका जवाब देना चाहिए. वह सिर्फ एक दावा कर रहे हैं, कहने को तो वह कुछ भी कह सकते हैं. वह बहुत बड़े एक्टर हैं, मैं उनके कद के एक्टर के पास जाकर यह नहीं पूछ सकता कि वह ऐसा क्यों बोल रहे हैं.’

परेश रावल के बयान पर क्या बोले डायरेक्टर?

अमित राय ने आगे कहा, ‘जहां तक मुझे याद है, इस फिल्म का जनक भी मैं ही हूं, इसका कर्ता भी मैं ही हूं, इसे स्कूल भेजने वाला भी मैं ही हूं और कॉलेज भेजने वाला भी मैं ही हूं. इसका सबसे बड़ा सबूत स्क्रीनराइटर एसोसिएशन का सर्टिफिकेट और स्क्रिप्ट पर लगी वो मुहर है, जिस पर मेरा नाम लिखा है.’

किसने लिखी ‘ओह माय गॉड 2’ फिल्म?

फिल्ममेकर का कहना है कि वह परेश रावल जैसे दिग्गज कलाकार का अनादर नहीं करना चाहते, लेकिन उनके इन दावों का जवाब ‘ओएमजी 2’ के मेकर्स और प्रोड्यूसर्स को देना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘यह उनकी व्यक्तिगत राय हो सकती है. मुझे लगता है कि इसका जवाब उनके और प्रोडक्शन कंपनी या फिर उनके और अक्षय सर के बीच का मामला है. मैंने फिल्म लिखी और बना दी. वह बहुत जल्दी जाग गए हैं.’

परेश रावल ने ‘ओएमजी 2’ को लेकर किया बड़ा दावा

हाल ही में विक्की लालवानी के साथ इंटरव्यू में परेश रावल ने दावा किया था कि उन्होंने अमित राय से एक कहानी डिस्कस की थी, जो एक ऐसे बाइकर के बारे में थी जो एक पिता को उसके बेटे के लिए लड़ने की राह दिखाता है. परेश रावल ने बताया, ‘मैंने ‘रोड टू संगम’ के डायरेक्टर अमित राय से संपर्क किया था और उनसे पूछा था कि क्या वह कोई नई फिल्म प्लान कर रहे हैं? मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं. मैंने उनसे कहा कि मेरे पास एक आइडिया है, चलिए साथ बैठकर इसे लिखते हैं. मैंने उन्हें साफ कर दिया था कि मैं कोई लेखक नहीं हूं, लेकिन हां, मैं आइडिया दे सकता हूं और स्क्रिप्ट में कहां कमी रह गई है, इसे पकड़ने में मदद कर सकता हूं क्योंकि मुझे स्क्रीनप्ले की थोड़ी-बहुत समझ है.’

परेश रावल ने लगाया आरोप

उन्होंने आगे कहा, ‘कहानी एक ऐसे लड़के की थी जो गंदी हरकत करते हुए पकड़ा जाता है और उसका वीडियो वायरल हो जाता है, जिससे उसकी जिंदगी नर्क बन जाती है. उसके पिता खजुराहो मंदिर में एक टूरिस्ट गाइड होते हैं. अमित ने ही सुझाव दिया कि क्यों न पिता के किरदार को महाकाल मंदिर का एक पार्ट-टाइम पुजारी बना दिया जाए.’

अक्षय कुमार को नहीं किया गया था अप्रोच

परेश ने आगे बताया कि उन्होंने फिल्म में बाइकर के रोल के लिए अजय देवगन और सलमान खान से भी बात की थी, लेकिन अक्षय कुमार से कभी संपर्क नहीं किया, क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि लोग इसे ‘ओएमजी 2’ समझें. परेश का आरोप है कि बाद में अमित ने उन्हें बताया कि अक्षय इस कहानी पर फिल्म बनाना चाहते हैं और इसका नाम ‘ओएमजी 2’ रखने की सोच रहे हैं.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति