Last Updated:September 16, 2026, 09:41 IST
2026 में बॉक्स ऑफिस पर चमत्कारिक सफलता हासिल करने वाली भक्ति आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों हर तरफ चर्चा में है. ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और ‘बॉर्डर 2’ जैसी बड़ी फिल्मों के बाद यह साल की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनकर उभरी है. कभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स द्वारा रिजेक्ट की गई इस फिल्म ने दुनिया भर में 280 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर ‘हैवान’ और ‘मिर्जापुर 2’ जैसी बड़ी रिलीज को पछाड़ दिया है . अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स इसके डिजिटल राइट्स खरीदने के लिए मेकर्स के चक्कर काट रहे हैं. क्या है माजरा चलिए बताते हैं…
नई दिल्ली. बॉक्स ऑफिस पर पिछले 40 दिनों से कमाल कर रही फिल्म विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ सुर्खियों में है. ये वो फिल्म है, जिसको कभी OTT प्लेटफॉर्म से निराशा मिली थी. वही फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर ऐसा भौकाल मचा रही है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म भी इसमें दिलचस्पी दिखा रहे हैं. मेकर्स ने नीम करौली बाबा के जीवन पर ऐसी फिल्म बनाई, जिसने कामयाबी ने कहानी ही पलट दी है. फिल्म की निर्माता रागिनी सोना ने हाल ही में हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज18 से बात करते हुए बताया कि अब एक-दो नहीं, बल्कि कभी-कभी तीन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म फिल्म को खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
फिल्म की निर्माता रागिनी सोना ने इस बातचीत में बताया कि कई दिग्गज स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स अब फिल्म के राइट्स हासिल करने के लिए दिलचस्पी दिखा रहे हैं. उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘हां, ऐसा हो रहा है. एक-दो नहीं, बल्कि तीन-तीन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स हमारी फिल्म को अपने प्लेटफॉर्म पर लाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. यह देखकर बहुत खुशी होती है कि दर्शकों ने हमारी मेहनत को दिल से स्वीकार किया है.’
रागिनी सोना ने बताया कि जैसे-जैसे फिल्म को दर्शकों का प्यार मिलने लगा और सिनेमाघरों में लोग इसे देखने पहुंचने लगे, वैसे-वैसे OTT प्लेटफॉर्म की दिलचस्पी भी बढ़ गई. उनके मुताबिक, अब उन्हें अलग-अलग प्लेटफॉर्म से ऑफर मिल रहे हैं. हालांकि, रागिनी ने यह भी स्पष्ट किया कि जब फिल्म बनाई जा रही थी, तब डिजिटल रिलीज को लेकर उनकी कोई योजना नहीं थी. टीम की शुरुआत से ही सोच साफ थी कि ‘हनुमान अंश’ बड़े पर्दे पर ही दिखाई जाएगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने कहा, ‘हम बहुत भाग्यशाली रहे कि शुरू से ही ‘सिनेपोलिस’ (Cinepolis) के मयंक श्रॉफ हमारे साथ डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर के रूप में जुड़े. जब हम फिल्म बना रहे थे, तब से जानते थे कि यह थिएटर के लिए बन रही है. शुरुआत में हमें सिर्फ 350 से 400 स्क्रीन्स मिली थीं, जिससे मैं थोड़ी असहज थी, लेकिन अंततः सब कुछ बहुत बेहतरीन रहा.’
दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में फिल्म को लेकर 100 करोड़ रुपये की OTT डील की खबरें भी सामने आई थीं. हालांकि, रागिनी सोना ने इन दावों को खारिज किया था. उन्होंने कहा था कि ऐसी कोई डील फाइनल नहीं हुई है और फिलहाल टीम का ध्यान फिल्म के थिएटर रन पर है.
फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही थी. पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 10 लाख रुपये की कमाई हुई. लेकिन बाद के हफ्तों में कलेक्शन में जबरदस्त उछाल आया. 12 सितंबर तक फिल्म ने भारत में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था और इसकी थिएट्रिकल रन जारी थी.
फिल्म की सफलता पर सोनू सूद ने भी तारीफ की. उन्होंने कहा था कि फिल्मों को सिर्फ ग्लैमर, बड़े चेहरों या बड़े बजट के लिए नहीं, बल्कि कहानियों के लिए बनाया जाना चाहिए. रागिनी सोना ने सोनू की बात पर सहमति जताते हुए कहा कि अब इंडस्ट्री शायद यह देख रही है कि सिर्फ बड़े बजट की फिल्में ही काम नहीं करतीं. उनके मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ की सादगी और असली लोकेशंस ने दर्शकों से कनेक्ट बनाने में मदद की.
रागिनी ने बताया कि उन्होंने विशाल से शुरुआत में बजट को नियंत्रण में रखने के लिए कहा था. उनका मानना था कि अगर फिल्म का बजट जरूरत से ज्यादा बढ़ा तो प्रोजेक्ट मुश्किल में पड़ सकता है. हालांकि, जहां खर्च जरूरी था, वहां उन्होंने विशाल को पूरी आजादी दी. फिल्म की मौजूदा सफलता के बीच OTT रिलीज को लेकर अभी कोई आधिकारिक प्लेटफॉर्म या रिलीज डेट घोषित नहीं हुई है. यानी थिएटर के बाद घर बैठे ‘हनुमान अंश’ देखने के लिए दर्शकों को फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 16, 2026, 09:41 IST










