Last Updated:August 25, 2026, 23:37 IST
Kushinagar Accident News : यूपी के कुशीनगर में एक कार की टक्कर से स्कूटी सवार 3 छात्राओं में से 2 की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा बुरी तरह घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. कार को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में लिया है.
कुशीनगर में कार ने छात्राओं को रौंदा.
कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार तीन छात्राओं को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी छात्रा गंभीर रूप से घायल है. घायल छात्रा की हालत नाजुक बताई जा रही है. उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
हादसा तमकुहीराज थाना क्षेत्र में NH-28 पर हुआ. बताया जा रहा है कि तीनों छात्राएं विद्यावती देवी महाविद्यालय से पढ़ाई के बाद स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में निशा गिरी और अनामिका ठाकुर की मौत हो गई, जबकि आलिसा खातून गंभीर रूप से घायल हो गई.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी. हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पटहेरवा थाना क्षेत्र के डूमरभार स्थित शाही पेट्रोल पंप के पास पकड़ लिया.
पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है. कार की तलाशी के दौरान उसके अंदर से शराब की खाली बोतलें और बीयर का गत्ता भी मिला है. इसके बाद हादसे को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. हालांकि, कार सवारों ने शराब का सेवन किया था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
बताया जा रहा है कि भागने के दौरान कार ने एक 22 वर्षीय युवक को भी टक्कर मार दी. इसके बाद कार के अगले बाएं पहिए में ब्लास्ट हो गया, जिससे उसकी रफ्तार रुक गई और लोगों ने कार सवारों को पकड़ लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे की सही वजह और कार की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
Abhijeet ChauhanSub-Editor
अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ेंLocation :
Kushinagar,Kushinagar,Uttar Pradesh
First Published :
August 25, 2026, 18:17 IST










