Last Updated:August 25, 2026, 22:35 IST
Greater Noida Food Safety Raid : रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने गौतम बुद्ध नगर में बड़ा अभियान चलाया है. ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एमके स्वीट्स से 100 किलो बूंदी सीज की गई है. बूंदी में जरूरत से ज्यादा रंग और मिलावट की आशंका जताई गई है.
फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की कार्रवाई.
ग्रेटर नोएडा : रक्षाबंधन से पहले मिठाइयों और खाने-पीने की चीजों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपना अभियान तेज कर दिया है. गौतम बुद्ध नगर में टीम ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर मिलावट की आशंका वाले खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की. इस दौरान एमके स्वीट्स, ग्रेटर नोएडा वेस्ट भी टीम के रडार पर रहा, जहां से बूंदी का सैंपल लिया गया. वहीं, करीब 100 किलो बूंदी को सीज किया गया है, जिसमें जरूरत से ज्यादा रंग और मिलावट की आशंका जताई गई है.
नोएडा के फूड सेफ्टी ऑफिसर सर्वेश मिश्रा के मुताबिक, अभियान के दौरान अलग-अलग जगहों से कुल 9 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं. इनमें पनीर, बूंदी, चिकन बिरयानी और प्याज कचौड़ी शामिल हैं. एमके स्वीट्स से लिए गए बूंदी के सैंपल को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि बूंदी में नियमों के खिलाफ किसी तरह की मिलावट की गई थी या नहीं.
इसके अलावा जेवर टोल प्लाजा, DND और दादरी में भी पनीर के सैंपल लिए गए. खाद्य विभाग के मुताबिक, यह पनीर दिल्ली-NCR में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था. जांच के दौरान करीब 200 किलो पनीर को प्रथम दृष्टया मिलावटी और प्रदूषित पाए जाने पर नष्ट कराया गया.
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि रक्षाबंधन तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा. अधिकारियों का मकसद साफ है कि त्योहार के दौरान लोगों तक मिलावटी मिठाई या खराब खाद्य सामग्री न पहुंचे और उन्हें साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण खाना मिल सके.
बुलंदशहर में भी डेयरी पर बड़ी कार्रवाई
इधर, बुलंदशहर में भी मिलावटखोरी की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के कलाखुरी गांव स्थित चौधरी डेयरी पर टीम ने छापा मारा. यहां गंदे पानी से भरी होदी में पनीर रखा मिला. यह देखकर सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-2 ममता चौधरी ने डेयरी संचालक को फटकार लगाई और मौके पर ही होदी तुड़वाकर उसका निस्तारण कराया.
कार्रवाई के दौरान करीब 200 किलो पनीर भी नष्ट कराया गया. टीम ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं. बताया जा रहा है कि इससे पहले भी चौधरी डेयरी से सैंपल लिए जा चुके हैं. वहीं, कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे एक भाजपा नेता और खाद्य विभाग की टीम के बीच नोकझोंक भी हुई. कार्रवाई रुकवाने के लिए फोन पर सिफारिश कराए जाने की बात भी सामने आई, लेकिन टीम ने कार्रवाई जारी रखी. त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहने वाली है.
About the Author
Abhijeet ChauhanSub-Editor
अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ेंLocation :
Greater Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
August 25, 2026, 22:34 IST










