नीरज की गैरमौजूदगी में रुमेश थरंगा ने ब्रसेल्स में जीता डायमंड लीग का खिताब
Last Updated:September 06, 2026, 07:43 IST
ब्रसेल्स डायमंड लीग के फाइनल में अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए श्रीलंका के रुमेश थरंगा ने खिताब को अपने नाम कर लिया. फाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 थरंगा ने 89.04 मीटर का थ्रो किया. इस तरह थरंगा डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले श्रीलंका के पहले भाला फेंक एथलीट बने हैं
रुमेश थरंगा ने जीता ब्रसेल्स डायमंड लीग का फाइनल
नई दिल्ली: दुनिया के नंबर-1 भाला फेंक एथलीट रुमेश थरंगा ने ब्रसेल्स डायमंड लीग में कमाल कर दिया. थरंगा ने डायमंड लीग के फाइनल में 89.04 मीटर दूर भाला फेंककर पहली बार इस खिताब को अपने नाम किया. सिर्फ इतना ही नहीं, थरंगा डायमंड लीग जीतने वाले श्रीलंका के पहले एथलीट भी बने हैं. इस तरह थरंगा ने खिताबी जीत के साथ अपने इस सीजन का अंत किया. रुमेश थरंगा ने फाइनल में अपने तीसरे प्रयास में 89.04 मीटर की दूरी हासिल की. थरंगा के लिए यह पूरा सीजन शानदार रहा. उन्होंने इस सीजन में दो बार 90 मीटर से ज्यादा का थ्रो कर सनसनी मचाई थी.
पहली बार डायमंड लीग का खिताब जीतने के बाद थरंगा ने कहा, “मैं इस जीत के बाद वास्तव में बहुत खुश हूं. श्रीलंका जैसे छोटे देश से आकर इस तरह की बड़ी प्रतियोगिता जीतना मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है.” किंग बौडॉइन स्टेडियम में रुमेश के अलावा पोलैंड के दाविद वेगनेर ने 87.47 मीटर का थ्रो फेंका और वह दूसरे स्थान पर रहे. इस सीजन दाविद वेगनेर का यह पर्सनल बेस्ट थ्रो भी है.
फाइनल में थरंगा की हुई थी धीमी शुरुआत
इस पूरे सीजन में रुमेश थरंगा ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसके लिहाज से ब्रसेल्स डायमंड लीग के फाइनल में उनकी शुरुआत धीमी रही. उन्होंने अपने पहले प्रयास में 80.42 मीटर का थ्रो किया और फिर अपने दूसरे प्रयास में 79.73 मीटर फेंका, लेकिन तीसरे प्रयास में रुमेश ने अपना पूरा दम लगाया. हालांकि, फाइनल में रुमेश का 89.04 मीटर का थ्रो ही नंबर-1 रहा, जिससे वह चैंपियन बने.
एंडरसन पीटर्स चौथे स्थान पर रहे
नीरज चोपड़ा की गैरमौजूदगी में ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ब्रसेल्स डायमंड लीग के फाइनल में रुमेश थरंगा के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी थे. हालांकि, दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स 83.70 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहे. वहीं, त्रिनिदाद और टोबैगो के पूर्व ओलंपिक चैंपियन केशोर्न वाल्कोट ने 83.99 मीटर के सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पोडियम पूरा किया. भारत के नीरज चोपड़ा चोट के कारण प्रतियोगिता से हटने के बाद डायमंड लीग फाइनल में नहीं खेले.
2026 ब्रसेल्स डायमंड लीग फाइनल का रिजल्ट
रुमेश थरंगा (SRI) – 89.04 मीटर
दाविद वेगनेर (POL) – 87.47 मीटर (पर्सनल बेस्ट)
केशोर्न वाल्कोट (TTO) – 83.99 मीटर (सीजन बेस्ट)
एंडरसन पीटर्स (GRN) – 83.70 मीटर
जूलियस येगो (KEN) – 76.79 मीटर
टिमोथी हरमन (BEL) – 71.79 मीटर
कर्टिस थॉम्पसन (USA) – 69.52 मीटर
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
September 06, 2026, 07:43 IST










