नई दिल्ली: बालिका वधू फेम एक्ट्रेस स्मिता बंसल फैंस की फेवरेट हैं. उन्होंने टीवी पर सालों तक अपने एक्टिंग के दम पर फैंस का दिल जीता है. लोग उनकी एक्टिंग और सादगी के आज भी फैन हैं, मगर स्मिता अब एक नया कदम उठाने जा रही हैं. वे जल्द ही एक ऐसे शो में नजर आने वाली हैं,जो कुछ ही एपिसोड्स में खतम हो जाएगा.
एक्ट्रेस का कहना है कि उन्होंने सोच-समझकर सास-बहू ड्रामा वाले सीरियल्स से दूरी बनाई है, क्योंकि अब वह कुछ ऐसा काम करना चाहती हैं, जो एक्टर के तौर पर उनके लिए नया हो. सालों तक मां और सास का रोल प्ले कर हर किसी का दिल जीतने वाली एक्ट्रेस अब अपनी इस इमेज को तोड़ना चाहती हैं.
रिस्क लेने से डरते हैं लोग
स्मिता बंसल जल्द ही टेलीवीजन शृंखला में नजर आने वाली हैं. हिंदुस्तान टाइप्स से बातचीत के दौरान एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने जानबूझकर अपनी सास-बहू जैसे शो से दूरी बनाई है.एक्ट्रेस का मानना है कि इस इंडस्ट्री में हर कोई सेफ गेम खेलना चाहता है. जब दर्शक आपको किसी एक खास रोल में पसंद कर लेते हैं, तो मेकर्स को यह भरोसा नहीं होता कि लोग आपको किसी नए रोल में पसंद करेंगे या नहीं. यही वजह है कि एक्टर्स को बार-बार एक जैसे ही रोल मिलने लगते हैं. स्मिता काफी समय से एक ऐसे मौके का इंतजार कर रही थीं, जो उन्हें इस पुराने किरदारों से बाहर निकाल सके. उनका कहना है कि दर्शक उन्हें मां और सास के रोल में बहुत देख चुके हैं. अगर किसी रोल में थोड़ा सा भी नयापन होता है, तो वह काफी एक्साइटेड हो जाती हैं. उन्हें लगता है कि सास-बहू ड्रामा वाले सीरियल्स में तो वह बिना सोचे-समझे भी आसानी से एक्टिंग कर सकती हैं, लेकिन एक एक्टर हमेशा कुछ नया करना चाहता है.
सास-बहू के ड्रामे से हटकर है नया शो
स्मिता ने बताया कि हम कई सालों से यह शिकायत करते आ रहे हैं कि टीवी पर एक जैसी कहानियां, एक जैसे शोज और एक जैसे ही किरदार देखने को मिलते हैं. इसलिए जब उन्हें इस नए शो का ऑफर मिला, तो इसकी कहानी और किरदार दोनों बिल्कुल अलग थे. स्मिता को लगा कि इतने अच्छे मौके को हाथ से जाने देना समझदारी नहीं होगी. यह शो कोई आम सास-बहू का ड्रामा नहीं है, बल्कि यह आर्मी बैकग्राउंड पर आधारित कहानी है. यही सबसे बड़ी वजह थी कि उन्होंने इस शो के लिए तुरंत हां कह दिया.
छोटे एपिसोड वाले शोज के फायदे
रोल के अलावा, इस शो का छोटा फॉर्मेट होना भी स्मिता के जुड़ने की एक बड़ी वजह थी. आम टीवी सीरियल्स की तरह, जो दर्शकों की पसंद या टीआरपी के हिसाब से आगे खींचते चले जाते हैं, इस नए शो की कहानी पहले से ही पूरी तरह तय है. इससे एक्टर्स को शुरुआत से ही पता होता है कि उनका किरदार कहानी में कहां तक जाएगा.स्मिता ने बताया कि इस शो की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है. यह शुरू से लेकर अंत तक कुल 30 एपिसोड की कहानी है, जिसमें सबकुछ पहले से ही तय था. इसमें बाद में बदलाव का कोई चांस नहीं है, जो कि बहुत अच्छी बात है. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने टीवी में काम शुरू किया था, तब ऐसी ही फिक्स्ड कहानियां होती थीं, जिससे एक्टर को अपने किरदार का सफर पता होता था. लंबे समय तक चलने वाले शोज में तो यह भी नहीं पता होता कि अगले हफ्ते आपके किरदार के साथ क्या होने वाला है.
काम करने की खुशी सबसे ज्यादा जरूरी
जब स्मिता से पूछा गया कि क्या वह अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर काम करने की सोच रही हैं, तो उन्होंने साफ किया कि उनके लिए हमेशा काम सबसे पहले आता है, प्लेटफॉर्म नहीं. चाहे टीवी हो या ओटीटी, उनके लिए सबसे जरूरी किरदार और उनके साथ काम करने वाली टीम होती है. वह इस समय ऐसे लोगों के साथ काम करना चाहती हैं, जो काम को लेकर उतने ही पैशनेट हों, जितनी वह खुद हैं. स्मिता का कहना है कि अब वह काम चुनने के मामले में थोड़ी चूजी हो गई हैं. वह अपने प्रोजेक्ट को पूरा सौ प्रतिशत देने के लिए तैयार हैं, लेकिन एक साथ तीन-चार शोज के लिए भाग-दौड़ करना अब उनके बस की बात नहीं है. वह सिर्फ वही काम करना चाहती हैं जो उन्हें अंदर से खुशी दे.











