Last Updated:July 18, 2026, 08:03 IST
बॉलीवुड एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने दिग्गज अदाकारा रेखा के साथ अपने दशकों पुरानी दोस्ती को लेकर बात की. हेमा मालिनी ने दिलचस्प खुलासा करते हुए बताया कि रेखा के साथ उनका यह खास बॉन्ड फिल्मों में साथ काम करने से कई साल पहले ही शुरू हो चुका था, जब रेखा बहुत छोटी थीं. दोनों एक ही गुरु से डांस सीखते थे. बाद में रेखा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में आई और टॉप हीरोइन बन गई थीं.
ख़बरें फटाफट
बहुत पुरानी है रेखा और हेमा मालिनी की दोस्ती.
नई दिल्ली. बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल यानी हेमा मालिनी ने हाल ही में अपनी पुरानी दोस्त और सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस रेखा के साथ अपने गहरे और खूबसूरत रिश्ते को लेकर बात की. म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के आने वाले एपिसोड में दर्शकों को यादों के पुराने सफर पर जाने का मौका मिलेगा. इस खास एपिसोड में हेमा मालिनी, रेखा के साथ अपनी दोस्ती के बारे में खुलकर बात करती नजर आएंगी.
शो के दौरान बातचीत करते हुए होस्ट आदित्य नारायण ने उनसे पूछा, ‘जहां तक मुझे पता है, रेखा जी और आपने लगभग 8 फिल्में साथ में की हैं. मैं जानना चाहूंगा कि रेखा जी के साथ काम करने का आपका अनुभव कैसा रहा?’ इस पर हेमा मालिनी ने रेखा के साथ दोस्ती पर कहा, मैंने रेखा को तब देखा था जब वो बहुत छोटी थीं. मैं चेन्नई में भरतनाट्यम सीख रही थी, लेकिन उसी दौरान मैंने कुचिपुड़ी भी सीखना शुरू किया था. मैं ट्रेनिंग के लिए गुरु वेम्पति चिन्ना सत्यम जी के पास जाती थी. तब मेरी फिल्म ‘सपनों का सौदागर’ रिलीज हो चुकी थी, लेकिन फिल्मों के साथ-साथ मैं स्टेज परफॉर्मेंस भी करती थी. डांस हमेशा मेरी जिंदगी का एक बहुत बड़ा हिस्सा रहा है और आज भी है.’
डांस क्लास से भाग जाती थीं रेखा
उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, ‘जब मैं डांस क्लासेस में जाती थी, तो रेखा भी वहां आती थीं. वह तब एक छोटी सी लड़की थीं. गुरु जी हमेशा कहते थे कि यह डांस रिहर्सल से भाग जाती है, इसे पकड़ना बहुत मुश्किल है. वह बहुत ही शरारती थीं.’ रेखा के शुरुआती स्टेज परफॉर्मेंस को याद करते हुए हेमा मालिनी ने बताया, ‘हमने गुरु जी का एक डांस बैले किया था, जो कृष्ण, रुक्मिणी और सत्यभामा की कहानी पर आधारित था. उसमें नारद मुनि का किरदार रेखा ने कुचिपुड़ी स्टाइल में निभाया था. नारद मुनि की वेशभूषा में वह बेहद प्यारी लग रही थीं और उन्होंने कमाल की परफॉर्मेंस दी थी. मुझे उस वक्त बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि कुछ सालों बाद वह बॉम्बे (मुंबई) आएंगी और हिंदी फिल्मों की इतनी बड़ी एक्ट्रेस बन जाएंगी.’
इस फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई दोस्ती
उन्होंने आगे कहा, ‘बाद में जब हमने ‘गोरा और काला’ की शूटिंग साथ में की, तब हमने इन पुरानी यादों को फिर से ताजा किया. हमने ढेर सारी बातें साझा कीं और आज हम बहनों की तरह बेहद अच्छे दोस्त हैं.’ अपने परिवारों के बीच एक और खास कनेक्शन का जिक्र करते हुए हेमा मालिनी ने बताया, ‘रेखा जी की मम्मी पुष्पावल्ली जी और मेरी मां जया चक्रवर्ती जी दोनों का जन्मदिन 3 जनवरी को ही होता था. हम दोनों परिवार मिलकर उनका जन्मदिन सेलिब्रेट करते थे और एक-दूसरे के साथ बहुत प्यारी यादें बांटते थे.’
रेखा-हेमा मालिनी ने इस मूवी में किया काम
हेमा मालिनी और रेखा के प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें, तो इन दोनों एक्ट्रेसेस ने बीते सालों में कई फिल्मों में स्क्रीन स्पेस शेयर किया है. दोनों पहली बार 1972 में आई फिल्म ‘गोरा और काला’ में एक साथ नजर आई थीं.इसके बाद साल 1975 में आई फिरोज खान की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘धर्मात्मा’ में दोनों ने साथ काम किया और फिर साल 1987 में आए फैमिली ड्रामा ‘अपने अपने’ के लिए दोनों एक बार फिर साथ आए थे.
About the Author
Kamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें
Source










