349 रन बनाकर कैसे हारी सूर्यवंशी की इंडिया A, अफगानिस्तान ने बनाए महज 177 रन
Last Updated:June 11, 2026, 20:00 IST
IND A vs AFG A ODI Tringular Highlights: अफगानिस्तान ए ने बड़ा उलटफेर करते हुए सितारों से सजी भारत ए टीम को त्रिकोणीय वनडे सीरीज के वर्षाबाधित मैच में गुरुवार को डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर चार रन से हरा दिया. अब भारत का अगला मैच 13 जून को अफगानिस्तान के ही खिलाफ दोपहर डेढ़ बजे से होगा.
वैभव सूर्यवंशी की टीम अफगानिस्तान ए के खिलाफ डकवर्थ लुईस मैथड के आधार पर हारी
नई दिल्ली: वैभव सूर्यवंशी की इंडिया ए लगातार त्रिकोणीय वनडे सीरीज में अपना लगातार दूसरा वनडे मैच हारने से चूक गई. पहले बैटिंग करते हुए इंडिया ए ने वर्षाबाधित मुकाबले में 49 ओवर्स में नौ विकेट खोकर 349 रन बनाए थे. बाद में अफगानिस्तान को बार-बार बारिश के कारण 38 ओवर में 294 रन का संशोधित लक्ष्य मिला.
177 रन बनाकर कैसे जीता अफगानिस्तान ए?
कप्तान इमरान (70 गेंद में नाबाद 75) और हसन इसाखिल ( 29 गेंद में 34) ने अफगानिस्तान को आक्रामक शुरूआत दी. बहीर शाह (52 गेंद में 51) और इमरान ने मिलकर टीम को 25.5 ओवर में दो विकेट पर 177 रन तक पहुंचाया जब फिर बारिश शुरू हो गई. उस समय अफगानिस्तान डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर लक्ष्य से चार रन आगे था.
वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंद में बनाए 44 रन
इससे पहले भारत की शुरुआत अच्छी रही और वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंद में नौ चौकों की मदद से 44 रन बनाए, उन्होंने अपनी पारी में एक भी छक्का लगाए बिना 200 का स्ट्राइक रेट कायम रखा. सूर्यवंशी और प्रभसिमरन ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 74 रन की साझेदारी की. सूर्यवंशी ने ऑफ स्टम्प के बाहर पड़े अब्दुल्ला अहमदजइ के बाउंसर पर विकेट के पीछे मोहम्मद इशाक को कैच थमाया.
84 रन बनाने के बाद शतक से चूके प्रभसिमरन
कप्तान तिलक वर्मा, उपकप्तान रूतुराज गायकवाड़ और सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह के अर्धशतकों की मदद से भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 349 रन बनाए. प्रभसिमरन ने 69 गेंद में 84 रन बनाए. ये टूर्नामेंट में उनकी लगातार दूसरी फिफ्टी थी. गायकवाड़ ने 80 गेंद में 66 रन और तिलक ने 73 गेंद में 66 रन बनाए. अहमदजइ ने 68 रन देकर पांच विकेट चटकाए.
बारिश नहीं अंपायर की गलती से इंडिया ए हारा मैच?
भले ही मैच का नतीजा डकवर्थ लुईस से निकला हो, लेकिन इसके भारत के खिलाफ जाने का एक बड़ा कारण वो विकेट रहा, जो भारत की झोली में आते-आते रह गया और अफगानिस्तान ए संशोधित लक्ष्य के पार पहुंच गया. दरअसल, अफगानिस्तान ए के रन चेज के दौरान 25.5 ओवर में उनके कप्तान इमरान (70 गेंद में 75 रन) को अंपायर्स ने जीवनदान दिया था, जिसने मैच का रुख बदलकर रख दिया. टीवी अंपायर ने फ्रेम-दर-फ्रेम जांच के बाद इमरान को नॉट आउट करार दिया और इसके बाद इमरान ने चौथे नंबर पर आए बहिर शाह (52 गेंद में नाबाद 51 रन) के साथ मिलकर नाबाद 108 रन की साझेदारी कर डाली. जब दिन का खेल खत्म हुआ तो यही साझेदारी इंडिया ए पर भारी पड़ गई.
About the Author
Anshul TalmaleDeputy News Editor
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रेटजी मेकिंग का रोल संभाल रहे अ…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi










