चोट के दर्द को छिपाकर खेला IPL.. राजस्थान रॉयल्स के कप्तान की हुई सफल सर्जरी
Last Updated:June 11, 2026, 19:31 IST
Riyan Parag undergoes successful surgery: चोट के दर्द को छिपाकर आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ तक पहुंचाने वाले कप्तान रियान पराग के दाहिने कंधे की सफल सर्जरी हो गई है. मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में डॉक्टर दिनशॉ परदीवाला की निगरानी में हुए इस ऑपरेशन के बाद पराग दलीप ट्रॉफी सहित घरेलू सत्र के शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं. इंडिया ए की उप-कप्तानी से चूकने वाले पराग जल्द ही बेंगलुरु के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में अपना रिहैब शुरू करेंगे.
रियान पराग ने हॉस्पिटल से शेयर किया फोटो.
नई दिल्ली. आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी संभालने वाले ऑलराउंडर रियान पराग के फैंस के लिए एक बड़ी खबर आई है. रियान पराग के दाहिने कंधे की सर्जरी मुंबई के प्रसिद्ध कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई. यह सर्जरी देश के जाने-माने स्पोर्ट्स ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉक्टर दिनशॉ परदीवाला की देखरेख में हुई. इस सर्जरी के बाद पराग के आगामी घरेलू सत्र 2026-27 के शुरुआती हिस्से से बाहर रहने की संभावना है, जो अगस्त के तीसरे सप्ताह में दलीप ट्रॉफी के साथ शुरू होने जा रहा है.
रियान पराग (Riyan Parag) के लिए पिछले कुछ महीने किसी रोलर-कोस्टर राइड की तरह रहे हैं. आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की कमान संभालते हुए उन्होंने न सिर्फ अपनी परिपक्वता दिखाई, बल्कि टीम को शानदार खेल के दम पर प्लेऑफ तक पहुंचाया. उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और उन्हें दांबुला में खेली जा रही त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए ‘भारत ए’ टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया था. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. सीरीज शुरू होने से ठीक पहले वे गंभीर रूप से चोटिल (मांसपेशियों की चोट) हो गए, जिसके कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा. जांच के बाद उनके दाहिने कंधे की सर्जरी का फैसला लिया गया. पराग की जगह अब रुतुराज गायकवाड़ को ट्राई सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है.
रियान पराग ने हॉस्पिटल से शेयर किया फोटो.
View this post on Instagram
‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में शुरू होगा रिहैबिलिटेशन
सर्जरी के बाद अब रियान पराग के लिए सबसे बड़ी चुनौती मैदान पर वापसी की होगी.असम के इस 24 वर्षीय हरफनमौला खिलाड़ी को जल्द ही बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अत्याधुनिक ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’भेजा जाएगा. वहां वे बीसीसीआई के शीर्ष फिजियो और विशेषज्ञों की देखरेख में अपनी रिकवरी और रिहैबिलिटेशन की शुरुआत करेंगे.
भावुक हुए रियान पराग
सर्जरी के बाद रियान पराग ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक और प्रेरणादायक पोस्ट साझा की. अस्पताल के बेड से अपनी स्थिति साझा करते हुए उन्होंने सर्जरी के बाद की फोटो शेयर कर लिखा, ‘कंधे की सर्जरी हो गई है और सब कुछ बहुत अच्छे से संपन्न हुआ. पिछले दो वर्षों ने मुझे कुछ इस तरह से परखा है, जिसकी मैंने कभी उम्मीद भी नहीं की थी. इस दौरान कुछ बेहद अच्छे दिन रहे, तो कुछ बहुत निराशाजनक दिन भी देखने को मिले. अब मेरे सामने एक अलग तरह की चुनौती है, जिसमें सर्जरी से उबरना और रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया शामिल है। मैं जल्द ही उस चीज़ के लिए वापसी करूंगा, जिससे मुझे सबसे ज्यादा प्यार है (क्रिकेट).’ पराग की इस पोस्ट पर उनके साथी क्रिकेटरों और फैंस ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi










