33 साल के बल्लेबाज ने ली केन विलियमसन की जगह, न्यूजीलैंड बोर्ड ने किया ऐलान
Last Updated:June 13, 2026, 16:58 IST
Will Young added to New Zealand Squad: दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन के इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड सीरीज के लिए उनके विकल्प का ऐलान कर दिया है. इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मुकाबले से पहले 33 साल के अनुभवी बल्लेबाज विल यंग को कीवी टीम में शामिल किया गया है. विलियमसन की विदाई के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यंग इस बड़े पायदान पर खुद को कैसे साबित करते हैं.
विल यंग को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में मिला मौका.
नई दिल्ली. न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच से ठीक पहले एक बड़ा फैसला लिया है. हाल ही में क्रिकेट जगत को चौंकाते हुए पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा की थी. विलियमसन का यह निर्णय हैरान करने वाला इसलिए था, क्योंकि उन्होंने बीच सीरीज में ऐसा किया. उनके इस फैसले के बाद से ही फैंस और सिलेक्टर्स के सामने सबसे बड़ा सवाल यह था कि नंबर-3 के इस महान बल्लेबाज की जगह कौन लेगा. अब न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए बताया कि 33 वर्षीय विल यंग को टीम में विलियमसन के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया है. वह बचे दो टेस्ट मैचों के लिए कीवी टीम का हिस्सा होंगे.
अनुभव पर बोर्ड ने जताया भरोसा
33 साल के विल यंग घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूजीलैंड के लिए पहले भी कई शानदार पारियां खेल चुके हैं. केन विलियमसन जैसे महान खिलाड़ी के संन्यास के बाद टीम में आए इस खालीपन को भरने के लिए सिलेक्टर्स ने युवा जोश के बजाय यंग के अनुभव पर भरोसा जताया है. हालांकि, देखना यह होगा कि यंग को टीम में शामिल करने के पीछे सेलेक्टर्स की क्या सोच है? क्या उन्हें सिर्फ इसी सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है या फिर उन्हें नंबर का परफेक्ट विकल्प मानकर टीम में जगह दी गई है. इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उन पर मिडिल ऑर्डर को संभालने की एक बड़ी जिम्मेदारी होगी.
A big welcome to Will Young, who joins the squad tomorrow as the team continues their prep for the second test against England starting this Wednesday 17 June.#ENGvNZ pic.twitter.com/Hd0EWsNPKi
विल यंग ने अपना आखिरी टेस्ट मैच पिछले साल दिसंबर में क्राइस्टचर्च में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था. उन्होंने अब तक कुल 23 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 31.97 की औसत से 1,215 रन बनाए हैं. हाल ही में वे बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा थे, जहां उन्होंने तीन मैचों में क्रमशः 30, 2 और 19 रन बनाए.
टीम से कब जुड़ेंगे यंग?
विल यंग 14 जून को इंग्लैंड पहुंचेंगे और सोमवार से टीम के साथ प्रैक्टिस (अभ्यास) शुरू कर देंगे. न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 17 जून से ‘द ओवल’ मैदान पर खेला जाएगा. केन विलियमसन की जगह टीम में शामिल होने के लिए हेनरी निकोल्स भी एक मजबूत दावेदार थे. निकोल्स ने घरेलू टूर्नामेंट के 7 मैचों में 96.66 की शानदार औसत से सबसे ज्यादा 870 रन बनाए थे. इसके विपरीत, विल यंग का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में खराब रहा था और उन्होंने 5 मैचों में केवल 14.87 की औसत से 119 रन बनाए थे. बावजूद इसके बोर्ड ने यंग के अंतरराष्ट्रीय अनुभव पर भरोसा जताया है. उन्हें मैनेजमेंट के भरोसे को जीतना है तो दोनों मुकाबलों में रनों का अंबार लगाना होगा.
तीन मैचों की इस टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम फिलहाल 1-0 से पीछे चल रही है. लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के हाथों 115 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में दूसरे मैच में वापसी करने के लिए कीवी टीम पर काफी दबाव होगा.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…
और पढ़ेंNews18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi











