पाकिस्तान से हार मंजूर नहीं… जेमिमा रोड्रिग्स ने खोले कई बड़े राज

नई दिल्ली. महिला टी20 वर्ल्ड कप का बिगुल बज चुका है. दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की नजरें एक बार फिर उस महामुकाबले पर टिक गई हैं जिसका इंतजार हर किसी को बेसब्री से रहता है.भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत रविवार को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी. भारत और पाकिस्तान के बीच का मुकाबला सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि भावनाओं, उम्मीदों और हाई-वोल्टेज ड्रामे का एक ऐसा कॉकटेल होता है, जो फैंस के दिलों की धड़कनें बढ़ा देता है. इस महामुकाबले से ठीक पहले, भारतीय टीम की स्टार मध्यक्रम बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने भारत-पाकिस्तान मैच के पीछे के असली दबाव, ड्रेसिंग रूम के माहौल और टीम के सबसे बड़े सपने को लेकर खुलकर बात की है.

भारत-पाकिस्तान (IND vs PAK WT20 WC) मैच का दबाव सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह खिलाड़ियों के घरों और गलियों तक पहुंच जाता है. जेमिमा रोड्रिग्स ने इस अनोखे दबाव का एक बेहद दिलचस्प और जमीनी उदाहरण साझा किया. जियोस्टार से बात करते हुए जेमिमा ने कहा, ‘मेरी बिल्डिंग का वॉचमैन भी मुझसे कहता है, ‘दीदी, किसी से भी हार जाओ, लेकिन पाकिस्तान से मत हारना.’ यह उस तरह का दबाव है जो हर आम भारतीय क्रिकेट प्रेमी के दिल में होता है. लोग क्रिकेट को बेइंतहा प्यार करते हैं और उन्हें दोनों देशों के बीच की यह कड़ी प्रतिस्पर्धा देखना पसंद है.’

जेमिमा ने कहा है कि उनके बिल्डिंग के वॉचमैन का कहना है कि पाकिस्तान से हार मंजूर नहीं है.

‘हम जानते हैं कि फैंस हमसे क्या उम्मीद करते हैं’
जेमिमा ने अपने डेब्यू भारत-पाकिस्तान मैच को याद करते हुए बताया कि कप्तान हरमनप्रीत कौर (हरमन दी) ने ड्रेसिंग रूम में टीम का हौसला कैसे बढ़ाया था. जेमिमा के मुताबिक, हरमनप्रीत ने कहा था, ‘इस दबाव को नकारो मत. बाहर से दबाव होना लाजिमी है क्योंकि हम भारत बनाम पाकिस्तान के इतिहास को जानते हैं. हम जानते हैं कि फैंस हमसे क्या उम्मीद करते हैं.’ भारतीय टीम इस सच्चाई को स्वीकार कर मैदान पर उतरती है, न कि इससे भागती है.

विजुअलाइजेशन और ‘मिशन वर्ल्ड कप ट्रॉफी’
पाकिस्तान के खिलाफ मैच जहां एक बड़ी चुनौती है, वहीं भारतीय टीम की नजरें एक और बड़े लक्ष्य पर टिकी हैं वह है टी20 विश्व कप की चमचमाती ट्रॉफी को उठाना. जेमिमा ने खुलासा किया कि टीम इस समय एक खास ‘थीम’ पर काम कर रही है, जिसे विजुअलाइजेशन कहा जाता है. जेमिमा ने कहा, ‘हम एक टीम के तौर पर विश्व कप की ट्रॉफी उठाने के बारे में लगातार सोचते रहते हैं. यह अब हमारी डेली रूटीन का हिस्सा बन चुका है. हमारा मानना है कि अगर आप किसी चीज को लगातार और काफी देर तक देखते हैं, तो आपका सबकॉन्शियस माइंड और आपके कदम उसी दिशा में आगे बढ़ने लगते हैं। यही हमारी टीम की थीम है.’

कोच अमोल मजूमदार का मंत्र
यह प्रक्रिया भारतीय टीम ने 2025 के विश्व कप के दौरान भी अपनाई थी. भारतीय महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने टीम को इस अभ्यास को जारी रखने के लिए कहा है, ताकि खिलाड़ी अपने अंतिम लक्ष्य से कभी न भटकें. हर कोई कहता है कि बड़े मैचों में दबाव को झेलना जरूरी है, लेकिन भारतीय टीम इस दबाव से निपटने के लिए एक खास रणनीति पर काम कर रही है. जेमिमा ने बताया कि टीम खुद को जानबूझकर मुश्किल परिस्थितियों में डाल रही है.

टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार से बहुत कुछ सीखा है
जेमिमा ने आगे कहा, ‘हर कोई कहता है कि आपको दबाव में अच्छा खेलना है, लेकिन आप ऐसा कैसे करते हैं? आप अभ्यास के दौरान खुद को बार-बार दबाव में डालकर और उन हालात को जितना हो सके चुनौतीपूर्ण बनाकर ऐसा करते हैं, ताकि जब आप असल मैच में जाएं, तो पूरी तरह तैयार महसूस करें.’ महिला विश्व कप से ठीक पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम की सीरीज उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी, लेकिन टीम इसे एक झटके के रूप में नहीं, बल्कि एक सबक के रूप में देख रही है. जेमिमा ने बेहद परिपक्वता से कहा कि कभी-कभी हार आपको जीतने से कहीं ज्यादा सिखा जाती है. टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार से बहुत कुछ सीखा है. खिलाड़ियों ने अपनी गलतियों के नोट्स बनाए हैं, उन पर गहराई से काम किया है और अपनी कमियों को सुधारा है.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति