Last Updated:May 09, 2026, 15:09 IST
Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद में स्थित मदरसा जामिया अरबिया हयातूल उलूम के खिलाफ आज प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई की. साल 1980 में मदरसे की नींव रखी गई थी, लेकिन बाद में भूमि स्वामित्व को लेकर विवाद खड़ा हो गया. यह मामला तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान विवादों में आया था.
जामिया अरबिया हयातूल उलूम मदरसा पर चला बुलडोजर
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार को मदरसा जामिया अरबिया हयातूल उलूम के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिली. दरअसल हाईकोर्ट के आदेश के बाद मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने मझोला क्षेत्र के मदरसे की जमीन पर कब्जा कर लिया था और अब उस पर योगी सरकार की ओर से बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, जबकि पांच बुलडोजर लगातार अवैध निर्माण को हटाने में जुटे रहे.
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला पिछले लगभग ढाई दशक से न्यायालय में लंबित था. विवादित जमीन गाटा संख्या 498, 499 और 500 से जुड़ी हुई है. जानकारी के अनुसार, साल 1980 में मदरसे की नींव रखी गई थी, लेकिन बाद में भूमि स्वामित्व को लेकर विवाद खड़ा हो गया. यह मामला तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान विवादों में आया था. हालांकि इलाहाबाद हाईकोर्ट में इसके खिलाफ एक याचिका भी दाखिल की गई थी, जिसको कोर्ट ने निरस्त कर दिया.
साल 2000 में ही प्राधिकरण को मिला था कब्जा
प्रशासनिक रिकॉर्ड के मुताबिक, साल 2000 में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को संबंधित भूमि पर कब्जा प्राप्त हो चुका था. इसके बाद साल 2004 में मदरसा कमेटी ने हाईकोर्ट में अपील दाखिल की. हालांकि 2005 में कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी थी. इसके बाद मामले को लेकर एमडीए के सामने अनुमोदन रखा गया, लेकिन साल 2007 में उसे निरस्त कर दिया गया. इसके बाद एक बार फिर मामला कोर्ट पहुंचा और लंबे कानूनी संघर्ष के बाद हाईकोर्ट ने हाल ही में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के पक्ष में फैसला सुनाया.
10 एकड़ भूमि पर प्राधिकरण का कब्जा
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में शनिवार को एमडीए की टीम पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि करीब 10 एकड़ भूमि पर प्राधिकरण ने कब्जा लिया है. इसके लिए कुल 5 बुलडोजर लगाए गए हैं. कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो. प्रशासन का कहना है कि अदालत के आदेश के अनुसार ही कार्रवाई की जा रही है. वहीं स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Moradabad,Uttar Pradesh










