भारत को नहीं देना जब तक मैं न कहूं… नकवी ने ऑफिस में छिपाई एशिया कप ट्रॉफी
Last Updated:October 10, 2025, 16:44 IST
Mohsin Naqvi अब भी हार मानने के मूड में नहीं हैं. उन्होंने एशिया कप ट्रॉफी एसीसी के ऑफिस में छिपाकर रख दी है. साथ ही साथ सख्त लहजे में ये भी कहा है कि मुझसे पूछे बिना कोई इसे भारत को नहीं सौंपेगा.
मोहसिन नकवी भारत को नहीं देना चाहते ट्रॉफी
लाहौर: एशिया कप ट्रॉफी को एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के दुबई स्थित हेड क्वार्टर में बंद कर दिया गया है. एसीसी के प्रमुख मोहसिन नकवी ने निर्देश दिया है कि उनकी मंजूरी के बिना ट्रॉफी हिलनी भी नहीं चाहिए, भारत को सौंपने का तो सवाल ही नहीं उठता.
भारतीय टीम ने एशिया कप जीतने के बाद नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. इसके बाद नकवी इसे अपने साथ ले गए थे और तभी से यह ट्रॉफी एसीसी कार्यालय में है. भारत ने 28 सितंबर को दुबई में एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराया था.
नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष और अपने देश के गृह मंत्री भी हैं. पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है.
नकवी के एक करीबी सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘आज की स्थिति में ट्रॉफी दुबई में एसीसी कार्यालय में है और नकवी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि उनकी मंजूरी और व्यक्तिगत उपस्थिति के बिना इसे किसी को नहीं सौंपा जाना चाहिए. नकवी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केवल वही व्यक्तिगत रूप से ट्रॉफी (जब भी ऐसा होगा) भारतीय टीम या बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) को सौंपेंगे.’
एशिया कप भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के साए में खेला गया. भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाए. इसके अलावा नकवी ने भी सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयान दिए.
बीसीसीआई ने ट्रॉफी लेकर चले जाने के उनके कृत्य पर कड़ी आपत्ति जताई और अगले महीने आईसीसी की बैठक में इस मुद्दे को उठाने का संकल्प लिया. अटकलें लगाई जा रही हैं कि नकवी की निंदा करने और उन्हें आईसीसी के निदेशक पद से हटाने के लिए कड़ा कदम उठाया जा सकता है.
About the Author
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
October 10, 2025, 16:44 IST











