Last Updated:October 04, 2025, 15:38 IST
संध्या शांताराम का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. जानकारी के मुताबिक, मुंबई के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार हुआ. ‘पिंजरा’, ‘झनक झनक पायल बाजे’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय और डांस को हमेशा याद किया जाएगा.
संध्या शांताराम को मराठी और हिंदी सिनेमा का बड़ा नाम रहीं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर आई. मशहूर अभिनेत्री और वी. शांताराम की तीसरी पत्नी संध्या शांताराम का निधन हो गया है. उन्होंने 87 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली. वह अभिनय के साथ ही अपने डांस के लिए भी जानी जाती थी. बताया जा रहा है कि संध्या शांताराम का अंतिम संस्कार शनिवार को शिवाजी पार्क स्थित वैकुंठ धाम में किया गया.
महाराष्ट्र सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक मामलों के कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए यह जानकारी दी. उनकी एक तस्वीर शेयर करते हुए आशीष शेलार ने लिखा, ‘फिल्म ‘पिंजरा’ की प्रसिद्ध अभिनेत्री संध्या शांताराम के निधन की खबर बेहद दुखद है. उन्होंने मराठी और हिंदी सिनेमा में अपने अद्भुत अभिनय और नृत्य कौशल से दर्शकों पर एक अनूठी छाप छोड़ी. फिल्म ‘झनक झनक पायल बाजे,’ ‘दो आंखें बारह हाथ,’ और खासकर ‘पिंजरा’ में उनकी अमर भूमिका दर्शकों के दिलों में हमेशा याद रहेगी. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें!’
संध्या शांताराम को मराठी और हिंदी में अपने शानदार अभिनय और कुशल नृत्य के लिए जाना जाता था. वह मशहूर फिल्मकार वी. शांताराम की तीसरी पत्नी थीं. उन्होंने अपनी दूसरी पत्नी जयश्री से तलाक लेने के एक महीने बाद ही संध्या से शादी कर ली. दोनों ने फिल्म ‘पिंजरा’ में साथ काम किया था.
हालांकि संध्या ने अधिक फिल्में नहीं की हैं, लेकिन उन्हें हिंदी सिनेमा की कुछ यादगार फिल्मों के लिए जाना जाता है. वी. शांताराम ने 1951 में अपनी फिल्म ‘अमर भूपाली’ के लिए नई प्रतिभाओं की तलाश के दौरान संध्या की प्रतिभा को पहचाना था. फिल्म निर्माता को उनकी मनमोहक आवाज ने प्रभावित किया था. इस फिल्म में संध्या ने एक सिंगर का रोल प्ले किया था.
उन्हें ‘झनक झनक पायल बाजे’, ‘दो आंखें बारह हाथ’, ‘नवरंग’, ‘पिंजरा’ और ‘अमर भूपाली’ जैसी फिल्मों के लिए आज भी याद किया जाता है. फिल्म ‘झनक झनक पायल बाजे’ में वह गोपी कृष्ण के साथ दिखाई दी थीं. इस फिल्म के लिए गोपी ने ही उन्हें डांस सिखाया. फिल्म ने बाद में चार फिल्मफेयर पुरस्कार अपने नाम किए थे.
About the Author
शिखा पाण्डेय News18 Digital के साथ दिसंबर 2019 से जुड़ी हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. News18 Digital से पहले वह Zee News Digital, Samachar Plus, Virat Vaibhav जैसे प्रतिष्ठ…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
October 04, 2025, 15:38 IST











