Last Updated:August 26, 2026, 13:43 IST
Nepal Flash Flood News: नेपाल की भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ आने से भारी तबाही आ गई है. हजारों लोग मलबे में दबे हुए हैं. वहीं एक हजार लोग बह गए हैं. लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है और मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
नेपाल में आई बाढ़ से यूपी में तबाही की आशंका.
महाराजगंजः उत्तरी नेपाल में बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ ने सीमावर्ती बस्तियों में भारी तबाही मचाई और निचले इलाकों के कई जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. प्राप्त जानकारी के मुताबिक 1000 लोग बह गए हैं और वहीं 4000 लोग मलबे में दबे हुए हैं, जिनके रेस्क्यू के लिए टीमें जुटी हुई हैं. इस बीच उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. नेपाल में आए फ्लैश फ्लड का व्यापक असर जिले में देखने को मिल सकता है.
तीन लाख क्यूसेक पानी आ सकता है भारत
जिले के सिंचाई विभाग बाढ़ खंड अलर्ट कर दिया गया है. आशंका जताई जा रही है कि तीन लाख क्यूसेक पानी पहुंच सकता है. अगले छह घंटे में नारायणी नदी में जल प्रलय पहुंच सकता है. पानी को सुरक्षित आगे बढ़ाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. महराजगंज की तीन गांव में इस बाढ़ का असर देखने को मिल सकता है, जिसमें सोहगीबरवा, भोतियाही और शिकारपुर शामिल है. इसका असर नारायणी नदी के बाद बिहार के गंडक नदी में भी भारी तबाही की आशंका जताई जा रही है. साथ ही जिला प्रशासन पूरे घटना पर नजर बनाए हुए है.
सुबह 9 बजे के करीब अचानक से आई बाढ़
बता दें कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ आ गई. बताया जा रहा है कि पानी तिब्बत की ओर से आया. नेपाल की सेना ने एक बयान में बताया कि पानी के अचानक बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और समीपवर्ती स्याफ्रुबेसी इलाके में भारी नुकसान हुआ तथा वाहन, सामान और अन्य संपत्ति बह गई. रसुवा जिला काठमांडू के उत्तर-पूर्व में स्थित है और तिब्बत सीमा से करीब 125 किलोमीटर दूर है.
रसुवा, नुवाकोट, धादिंग और गोरखा नदी में अलर्ट
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा के नदी किनारे रहने वाले लोगों से अगले आदेश तक अत्यधिक सर्तक रहने और सुरक्षा उपाय करने की अपील की है. रसुवा के सहायक मुख्य जिला अधिकारी ध्रुव प्रसाद अधिकारी ने कहा कि बाढ़ का स्तर असामान्य रूप से अधिक था और दोनों बस्तियों को काफी नुकसान हुआ है.
About the Author
Prashant RaiChief Sub Editor
Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
Maharajganj,Mahrajganj,Uttar Pradesh
First Published :
August 26, 2026, 13:43 IST










